- राहत योजना: दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा कैशलेस इलाज’: डीसी
दुर्घटना पीड़ित को 24 घंटे के भीतर सूचीबद्ध अस्पताल में भर्ती करवाना जरूरी
प्रति व्यक्ति 1.5 लाख रुपये तक के इलाज का है प्रावधान
धर्मशाला, 30 मार्च। पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कांगड़ा द्वारा आज सोमवार को धर्मशाला स्थित उपायुक्त सभागार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त कांगड़ा, हेमराज बैरवा ने की।
उपायुक्त ने कहा कि यह योजना सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने के लिए शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत प्रति व्यक्ति 1.5 लाख रुपये तक के इलाज का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर पीड़ित को सूचीबद्ध अस्पताल में भर्ती करवाना आवश्यक है, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यशाला में अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत आपातकालीन सेवाएं, सर्जरी, आईसीयू सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं। यह योजना सभी सड़क दुर्घटना पीड़ितोंकृचाहे वे चालक, यात्री या पैदल यात्री होंकृपर समान रूप से लागू होती है। साथ ही, आईटी आधारित प्रणाली के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है।
इस अवसर पर आरटीओ धर्मशाला, विकास जम्बाल ने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घबराएं नहीं और नजदीकी अस्पताल या पुलिस स्टेशन से तुरंत संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं।
कार्यशाला में स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
==============================
मैसर्स जैक्सन लैबोरेटरीज़ प्राइवेट लिमिटेड संसारपुर काँगड़ा में भरे जाएंगे मशीन हेल्पर तथा पैकिंग हेल्पर के 6 पद
धर्मशाला, 30 मार्च: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि मैसर्स जैक्सन लैबोरेटरीज़ प्राइवेट लिमिटेड संसारपुर काँगड़ा द्वारा मशीन हेल्पर, पैकिंग हेल्पर (पुरूष एवं महिला) के 6 पद क्षेत्रीय रोज़गार अधिकारी धर्मशाला, जिला कांगड़ा को अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम दसवी या आई॰ टी॰ आई॰ (इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल) रखी गई हैं, इन पदों हेतु आयु 22 वर्ष से 35 वर्ष तक रखी गई है। आवेदक को कम्पनी द्वारा 12 हज़ार 750 से 13 हज़ार रूपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा ।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र (यदि हो) साथ लेकर 04 अप्रैल 2026 को उप रोज़गार कार्यालय, देहरा में सुबह 10 बज़े पहुंचकर उक्त कंपनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।