टीबी मुक्त हमीरपुर के लिए डीसी ने किया 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ
लगभग 1.70 लोगों की जांच करेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें : गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर 24 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य पर टीबी मुक्त अभियान के तहत 100 दिवसीय स्क्रीनिंग अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले की कुल 5.15 लाख की अनुमानित आबादी में से 432 गांवों के करीब 1.70 लाख लोगों की प्रारंभिक जांच करेंगी। इन लोगों में 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग, हाइपरटेंशन, बीपी-शुगर और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोग शामिल हैं, जिन्हें टीबी के रोग की चपेट में आने की ज्यादा आशंका रहती है।
उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही टीमों का गठन कर लिया है। इन्हें प्रशिक्षित भी किया जा चुका है। इन टीमों में आशा वर्कर्स, सीएचओ, अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य अधिकारी भी शामिल होंगे।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि फील्ड में मौके पर ही लोगों के एक्सरे के लिए तीन पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीनों का प्रयोग किया जाएगा और स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों के लोगों के एक्सरे स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लिए जा सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला हमीरपुर को टीबी मुक्त बनाने के लिए यह अभियान बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है और अगर इसका समय पर पता लग जाए तो मरीज बहुत जल्दी ठीक हो जाता है। इसलिए, सभी लोग स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और टीबी की आशंका होने पर अपनी जांच अवश्य करवाएं। जांच में अगर टीबी की पुष्टि होती है तो घबराएं नहीं, क्योंकि इसका पूरी तरह इलाज संभव है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाई खाएं और दवाई की कोई भी खुराक न छोड़ें। डॉक्टर द्वारा बताई गई समय अवधि तक पूरी दवाई खाएं।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

======================================

सुजानपुर में वायु सेना के एयर शो की तैयारियां पूरीं, 4 विमानों ने भरी प्रैक्टिस उड़ानें
25-26 मार्च को आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएं वायु सेना के 9 विमान
सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार और प्रशासन ने किए हैं सभी आवश्यक प्रबंध : गंधर्वा राठौड़

सुजानपुर 24 मार्च। भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम द्वारा 25 और 26 मार्च को सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के मैदान के ऊपर किए जाने वाले अदभुत एयर शो की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के 4 हॉक एमके-132 जेट विमानों ने प्रैक्टिस उड़ानें भरीं।
बुधवार और वीरवार को दोनों दिन सुबह करीब 10ः45 बजे सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के कुल 9 विमान एयर शो शुरू करेंगे जोकि लगभग आधे घंटे का होगा। एयर फोर्स स्टेशन चंडीगढ़ और आदमपुर से उड़ान भरने के बाद ये विमान सुजानपुर के मैदान के ठीक ऊपर कई कलाबाजियां करते हुए और एक साथ कई फॉर्मेशन्स बनाकर कई करतब दिखाकर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर देंगे।
सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम एशिया की एकमात्र नौ विमानों वाली एरोबेटिक टीम है और विश्व की चुनिंदा उत्कृष्ट एरोबेटिक टीमों में गिनी जाती है। इस टीम ने भारत के विभिन्न शहरों के अलावा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना की पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस एयर शो के सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की ओर से वायु सेना एवं सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है तथा मैदान में मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा आम लोगों के बैठने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
उधर, सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वायु सेना के इस तरह के पहले एयर शो की मेजबानी का गौरव सुजानपुर को मिल रहा है। इससे हिमाचल प्रदेश के बच्चे और युवा सैन्य अधिकारी बनने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने बताया कि एयर फोर्स की इस टीम में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के दो पूर्व विद्यार्थी एवं वर्तमान में वायु सेना में सेवारत एयर कमोडोर बृजेश पॉल और स्क्वाड्रन लीडर हिमकुश चंदेल भी उड़ान भरेंगे। ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि शो के लिए विशेष रूप से स्थापित कमेंटरी बॉक्स से वायु सेना के अधिकारी एक-एक पल और विमानों के करतबों की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सुजानपुर और इसके आस-पास के सभी क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बच्चों तथा युवाओं से इस एयर शो के रोमांच का अनुभव लेने के लिए निर्धारित समय से पहले ही मैदान में पहुंचने की अपील की है।

==========================

वरिष्ठ नागरिकों को दें सम्मान, उनके अनुभवों से लें सीख’

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने आईटीआई भोरंज में आयोजित किया संवाद कार्यक्रम

भोरंज 24 मार्च। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मंगलवार को भकरेड़ी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोरंज में वृद्धजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत ‘इंटर जनरेशनल बॉंडिंग’ यानि अंतर-पीढ़ीगत संबंध विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों और आईटीआई के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और युवा पीढ़ी के मध्य संवाद, पारस्परिक समझ एवं सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है। पीढ़ियों के बीच सामंजस्य की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि वृद्धों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय ही समाज की वास्तविक शक्ति है। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों से जीवन मूल्यों, संस्कारों एवं अनुभवों को आत्मसात करने का संदेश दिया तथा बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं सेवाभाव बनाए रखने का आह्वान किया।
इससे पहले, तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों एवं वक्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा आईटीआई के विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। आईटीआई के विद्यार्थियों ने डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता विषय पर अपने विचार रखे तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी साझा की। कई वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को संयम, अनुशासन तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को तकनीक का सदुपयोग करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को तकनीकी सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आईटीआई के प्रधानाचार्य अनिल ठाकुर, हेल्थ सुपरवाइजर सुनील कुमार, एसआई अजय कुमार, पहचान संस्था हमीरपुर की अध्यक्ष चेतना शर्मा, आईटीआई और अन्य विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहे।
============================================
चकमोह में आयोजित किया आयुष ग्राम कार्यक्रम
लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ ही आयुर्वेद, योग एवं प्राणायाम से किया उपचार

बिझड़ी 24 मार्च। आयुष विभाग ने मंगलवार को बड़सर उपमंडल के गांव चकमोह में आयुष ग्राम कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष ढटवालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेश कुमार कालिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयुष विभाग की सराहना करते हुए सुभाष ढटवालिया ने कहा कि आज के दौर में भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद और योग का महत्व लगातार बढ़ रहा है। लोग बड़े पैमाने पर इन्हें अपना रहे हैं। उन्हांेने कहा कि प्रदेश सरकार भी आयुष विभाग के माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित कर रही है।
इस अवसर पर बहुविशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के साथ योग एवं प्राणायाम सत्र, पैरा सर्जिकल प्रोसीजर के माध्यम से लोगों का उपचार भी किया गया। क्षेत्र के लगभग 252 लोगों ने इन सुविधाओं का लाभ उठाया। लगभग 50 लोगों ने योग एवं प्राणायाम सत्र में भाग लिया। कपिंग थैरेपी से भी लगभग 30 रोगियों का उपचार किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 600 औषधीय पौधों का निशुल्क वितरण भी किया गया।
इस आयोजन में उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदेश गोयल, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. विशाल भाटिया, विशेषज्ञ डॉक्टरों में डॉ. विजय, डॉ. प्रीति, डॉ. विपिन, डॉ. निरुपमा, डॉ. प्रशांत, डॉ. सविता, आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी और विभाग के अन्य कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्वयं सेवक समूह के शुभम सोनी ने भी सराहनीय योगदान दिया। जबकि, स्थानीय महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। हर्बल गार्डन नेरी के प्रभारी डॉ. कमल भारद्वाज ने भी लोगों को औषधीय पौधों की जानकारी दी।
==============================================

आईटीआई हमीरपुर में मनाया विश्व टीबी दिवस
मेहंदी प्रतियोगिता में स्वाति और भाषण प्रतियोगिता में राखी रही अव्वल

हमीरपुर 24 मार्च। विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हमीरपुर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश रत्तू, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राज कुमार तथा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के पर्यवेक्षक जीवन कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में टीबी के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर मेकिंग, मेहंदी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में स्वाति ने प्रथम, मलिका ने द्वितीय तथा संदेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ज्योति भारती एवं तरनजीत कौर ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, अलैक्सी एवं दीक्षा ने द्वितीय स्थान और पलक एवं संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राखी ने प्रथम, मेहा ने द्वितीय तथा प्रिया शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमेश रत्तू ने क्षय रोग (टीबी) के कारणों, लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए बीएमओ डॉ. रमेश रत्तू और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा इस प्रकार के जागरुकता कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला।
===============================================
बड़सर में जमीन के सर्कल रेट पर आपत्तियां या सुझाव 28 मार्च तक

बड़सर 24 मार्च। एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाली तहसील बड़सर और ढटवाल (बिझड़ी) तथा उपतहसील भोटा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जमीन के सर्कल रेट तय कर दिए गए हैं। ये रेट पहली अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए तय किए गए हैं।
एसडीएम ने कहा कि तहसीलदार बड़सर, तहसीलदार ढटवाल (बिझड़ी) और नायब तहसीलदार भोटा द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई जमीन की इन दरों के संबंध में अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति है या फिर वह इनके संबंध में अपना सुझाव देना चाहता है तो वह अपनी आपत्तियां या सुझाव 28 मार्च तक एसडीएम कार्यालय बड़सर में दर्ज करवा सकता है या डाक द्वारा भेज सकता है।
एसडीएम ने कहा कि इस तिथि के बाद कोई भी आपत्ति या सुझाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
==============================================