डॉ. मोहन लाल ने भूंपल में बताईं ओबीसी वित्त एवं विकास निगम की योजनाएं

नादौन 19 मार्च। हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा ने वीरवार को ग्राम पंचायत लाहड़ कोटलू (भूंपल) में ऋण जागरुकता शिविर आयोजित किया, जिसमें निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर डॉ. मोहन लाल ने क्षेत्रवासियों को निगम की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि अपना कारोबार आरंभ करने के इच्छुक पिछड़ा वर्ग के लोगों को रियायती ब्याज दरों पर 10 लाख रुपये तक का टर्म लोन मिल सकता है। इसी प्रकार, इस वर्ग के बच्चों की उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए भी 10 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण का प्रावधान है। पिछड़ा वर्ग के बीपीएल परिवार की महिलाओं को स्वर्णिमा योजना के तहत एक लाख रुपये तक का ऋण मिल सकता है। चिकित्सा क्लीनिक, नर्सिंग होम, लैब, वकील, आर्किटेक्ट, सीए और अन्य सेवाओं के कार्यालय स्थापित करने के लिए भी 10 लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है।
डॉ. मोहन लाल ने कहा कि इन सभी योजनाओं के लिए 3 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले पिछड़ा वर्ग के परिवारों के लोग पात्र हैं। इनकी आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 36 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को निगम की ओर से 75 हजार रुपये तक ब्याज रहित ऋण भी मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि इन सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय और अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के जिला प्रबंधक कार्यालय में भी उपलब्ध करवाई जाती है। कांगड़ा स्थित पिछड़ा विकास निगम के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01892-264326, 264334, 264329 और 262282 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
नादौन विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए डॉ. मोहन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसी क्षेत्र से संबंध रखते हैं जोकि प्रत्येक नादौनवासी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नादौन विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश का चहुमुखी विकास हो रहा है और प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए बहुत ही सराहनीय योजनाएं लागू कर रही है।
इस अवसर पर निगम के उप महाप्रबंधक सतीश ठाकुर और अन्य अधिकारियों ने भी लोगों को विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया।
शिविर में पूर्व प्रधान विपिन कुमार, पूर्व बीडीसी सदस्य मोती राम, कैप्टन जगरनाथ, रेणु शर्मा, लक्ष्मी देवी, रीता देवी, संदीप सोनी, धर्मपाल, सुरेंद्र कुमार, डॉ. श्याम शर्मा, पूर्ण सोनी, वीना देवी, विनीत कौशल, संदीप कुमार, अनिल कौशल और बड़ी संख्या में अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
===============================
तोल एवं माप विभाग 24 को करेगा जब्त सामग्री की नीलामी

हमीरपुर 19 मार्च। विधिक माप विज्ञान (तोल तथा माप) विभाग की हमीरपुर वृत्त-1 के कार्यालय के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण और छापामारी के दौरान जब्त की गई सामग्री की नीलामी 24 मार्च को सुबह दस बजे कार्यालय परिसर में की जाएगी।
विभाग के निरीक्षक ने बताया कि इच्छुक व्यापारी और अन्य लोग निर्धारित समय पर कार्यालय परिसर में पहुंचकर नीलामी में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
===========================================
जेईई, नीट और एसएसबी की मुफ्त कोचिंग के लिए पूर्व सैनिक निगम से करें संपर्क

हमीरपुर 19 मार्च। हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम तीनों सेनाओं के सिपाही से लेकर जेसीओ रैंक तक के सभी पूर्व सैनिकों के बच्चों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क क्रैश कोर्स की सुविधा प्रदान कर रही है।
निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) पीसी अत्री (सेना मैडल से अलंकृत) ने बताया कि पूर्व सैनिकों के बच्चों को इस वर्ष भी निगम द्वारा हिम अकादमी हमीरपुर के माध्यम से जेईई और नीट का निशुल्क क्रैश कोर्स करवाया जाएगा। इस योजना के तहत क्रैश कोर्स करने वाले अभ्यर्थी की टयूशन फीस निगम अदा करती है।
निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने बताया कि जेईई और नीट के अलावा निगम तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिकों के बच्चों को अधिकारी वर्ग में प्रवेश के लिए एसएसबी की कोचिंग भी दिला रही है। यह कोचिंग निंबस डिफेंस एसएसबी अकादमी चंडीगढ़ में करवाई जाती है और इसकी टयूशन फीस भी निगम अदा करती है। यह कोचिंग उसी अभ्यर्थी को दिलाई जाती है, जिसने लिखित परीक्षा पास कर ली हो और उसे एसएसबी इंटरव्यू का कॉल लैटर आ गया हो।
इन दोनों योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी के लिए निगम के दूरभाष नंबर 01972222472 पर या वेबसाइट एचपीएक्ससर्विसमैन.इन hpexservicemen.in पर लॉग इन किया जा सकता है।
===================================================

गैस की कोई कमी नहीं, धैर्य रखें सभी उपभोक्ता
शहीद सुरजीत सिंह गैस सर्विस के संचालक संजीव डढवाल ने की अपील

हमीरपुर 19 मार्च। जिला मुख्यालय के भोटा चौक पर स्थित शहीद सुरजीत सिंह गैस सर्विस के संचालक संजीव डढवाल ने एजेंसी के सभी उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि उनकी एजेंसी में इंडेन गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और एजेंसी में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।
संजीव डढवाल ने एजेंसी के सभी उपभोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रांतियों पर विश्वास न करें तथा अपने घरों में या अन्य निर्धारित स्थानों पर ही गाड़ी का इंतजार करके सिलेंडर प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ता अफवाहों एवं भ्रांतियों में विश्वास करके जहां-तहां सिलेंडर भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे लोगांे में अनावश्यक रूप से अफरा-तफरी मच रही है। जबकि, एजेंसी में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। इसलिए, सभी धैर्य रखें और निर्धारित अवधि में निर्धारित स्थानों पर ही सिलेंडरों की गाड़ी का इंतजार करें।
----------------------------------------------------------------------------------
‘साल में दो बार जरूर करवाएं पशुओं का टीकाकरण’
पशुपालन विभाग ने छत्रैल में आयोजित किया जागरुकता शिविर

हमीरपुर 19 मार्च। पशु पालन विभाग ने वीरवार को टौणी देवी के निकटवर्ती गांव छत्रैल में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया, जिसमें पशु चिकित्सालय टौणी देवी के पशु चिकित्सकों ने गांव के पशुपालकों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर डॉ. विश्वदीप राठौर ने बताया कि पशुओं को होने वाले खुरपका और मुंहपका रोग (एफएमडी) से बचाव हेतु टीकाकरण का सातवां दौर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया है कि वे अपने गौवंशीय और भैंसवंशीय पशुओं को नजदीकी पशु चिकित्सालय में टीके अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि पशुओं को वर्ष में दो बार 6 माह के अंतराल पर टीके जरूर लगवाने चाहिए। इसके साथ ही पशुओं की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और किसी रोग की चपेट में आने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। पहला टीकाकरण पशु के तीन या चार माह की उम्र में करवाना चाहिए। अगर कोई पशु खुरपका या मुंहपका रोग की चपेट में आता है तो उसे अन्य पशुओं से अलग रखा जाए।
डॉ. विश्वदीप राठौर ने बताया कि यह रोग प्रभावित पशुओं के सीधे संपर्क में आने से, गंदे पानी या बर्तन तथा दूषित चारे के प्रयोग से फैलता है। शुरुआत में पशु को तेज बुखार, आलसीपन, अत्यधिक लार का चलना, मुंह और पैर पर फ़फोलों का होना इस रोग के मुख्य लक्षण होते हैं। इससे बचाव के लिए पशुओं को 6 माह में टीका जरूर लगवाएं। टीकाकरण से लगभग 15 दिन पहले पशु की डी-वार्मिंग करें और उसका पंजीकरण करें। पशु को साफ रखें और वैक्सीनेशन के दिन उसे थकाए नहीं।
डॉ. विश्वदीप राठौर ने पशुओं की खुराक के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बारीं के पूर्व प्रधान रविंद्र ठाकुर ने पशु चिकित्सकों और सभी ग्रामीणों का धन्यवाद किया। इस दौरान विभाग के एएचए यशवंत सिंह, फार्मासिस्ट सुभाष रिंकू, स्थानीय निवासी मस्त राम, राकेश चंद, प्रकाश चंद, सुभाष चंद, बलबीर सिंह, प्रकाश चंद, देश राज, राकेश कुमार, रमेश चंद, सुरेश कुमार, महिला मंडल की प्रधान मनोरमा देवी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
=============================
रेडक्राॅस मेला 7 अप्रैल को धर्मशाला में, स्वास्थ्य सेवाओं, जनजागरूकता और मनोरंजन का अनूठा संगम
बेबी-शो, फॅलावर शो, डाॅग शो तथा रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं भी होंगी आयोजित
धर्मशाला, 19 मार्च: जिला रेडक्राॅससोसायटी, कांगड़ा (धर्मशाला) द्वारा आगामी 7 अप्रैल 2026 को पुलिस ग्राउंडधर्मशाला में भव्य रेडक्राॅस मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होगा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह मेला न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का मंच बनेगा, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक सहभागिता का भी एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। मेले में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे,जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामान्य रोगों की जांच, परामर्श, दवाइयों का वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त टीबी, एनीमिया, मधुमेह, रक्तचाप आदि रोगों के प्रति जागरूकता के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे तथा बेबी शो का भी आयोजन किया जायेगा। मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा भी किसानों की जागरूकता के लिए विशेष स्टॉल लगाया जाएगा जबकि उद्यान विभाग द्वारा फ्लावर शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय स्तर पर उगाए गए फूलों और पौधों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। पशुपालन विभाग द्वारा डाॅग शो का आयोजन किया जाएगा, जबकि खेल विभाग द्वारा रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर रेस, बच्चों एवं युवाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।आमजन के मनोरंजन और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले में विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए घरेलू उत्पाद, हस्तशिल्प एवं स्थानीय व्यंजन भी उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसरमिलेगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति अपने स्टॉल लगाने हेतु 2 अप्रैल 2026 तक रेडक्रॉस कार्यालय धर्मशाला में संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और रेडक्रॉस की गतिविधियों से संबंधित लेख, संदेश एवं विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। इच्छुक व्यक्तिइसमें सहयोग हेतु रेडक्राॅस कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिएदूरभाष नंबर 01892-224888 तथा मोबाइल नंबर 94188-32244 पर संपर्ककिया जा सकता है।उन्होंने बताया कि मेले को और अधिक आकर्षक एवं जनभागीदारी सेजोड़ने के लिए रेडक्राॅस सोसायटी द्वारा लकी ड्रा का भी आयोजन किया जा रहा है। इस लक्की ड्रा के कूपन की कीमत मात्र 50 रुपये निर्धारित की गई है। विजेताओं के लिए प्रथम पुरस्कार मोटरसाइकिल, द्वितीय पुरस्कार लैपटॉप, तृतीय पुरस्कार एलईडी टीवी रखा गया है। इसके अतिरिक्त रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन, वाटर प्यूरीफायर,सीलिंग फैन तथा अन्य सांत्वना पुरस्कार भी शामिल हैं।उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवंयुवाओं से अपील की है कि वे इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसेसफल बनाने में अपना सहयोग दें।