भोरंज में “पोषण भी पढ़ाई भी” प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
भोरंज, 13 मार्च: पोषण अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना भोरंज में आयोजित तीन दिवसीय “पोषण भी पढ़ाई भी” प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण के तीसरे दिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग, समावेशन एवं रेफरल प्रक्रिया से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान आंगनवाड़ी प्रोटोकॉल फॉर दिव्यांग चिल्ड्रन, समावेशन के अधिकार, स्क्रीनिंग शेड्यूल एवं इनक्लूजन रणनीतियों पर समूह चर्चा और केस स्टडी के माध्यम से जानकारी दी गई। इसके साथ ही नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत 0–3 वर्ष के बच्चों के लिए स्टिमुलेशन एक्टिविटी कैलेंडर, देखभाल एवं पालन-पोषण से संबंधित जागरूकता पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के सीखने और विकास के आकलन, विभिन्न असेसमेंट टूल्स, चाइल्ड पोर्टफोलियो तथा मासिक ECCE दिवस की उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ प्रथाओं (Best Practices) के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज श्री सुनील कुमार ने कहा कि प्रारंभिक अवस्था में पोषण और प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रभावी रूप से लागू कर बच्चों के पोषण एवं समग्र विकास को सुदृढ़ बनाया जाए।
कार्यक्रम में वृत्त पर्यवेक्षक श्री रवि कुमार, श्री सुनील नड्डा, श्रीमती आशा रानी, श्रीमती कुंता राणा, श्रीमती सरोजां ठाकुर, श्रीमती अंजना शर्मा, श्री अभिषेक ठाकुर, कार्यालय से श्रीमती सुनीता धीमान, खंड समन्वयक श्री अक्षय महाजन तथा लक्ष्मण राम उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों से पोस्ट टेस्ट क्विज़ एवं फीडबैक लिया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
==========================================
नादौन में मिनी रोजगार मेला 17 को

हमीरपुर 13 मार्च। उप रोजगार कार्यालय नादौन में 17 मार्च को मिनी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन कंपनियां विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली की प्रसिद्ध सिक्योरिटी कंपनी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड के 50 पदों और सुपरवाइजर के 6 पदों
को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी।
इन पदों के लिए 18 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। उनकी लंबाई कम से कम 170 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड हमीरपुर में बीडीएम और सीनियर बीडीएम के दो पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। अभ्यर्थी स्नातक एवं एमबीए (मार्केटिंग) होना चाहिए और उसकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 20,000 रुपए से 30,000 तक मासिक वेतन दिया जायेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड भोरंज में फील्ड आफिसर के 24 पदों को भरा जाएगा जिनके लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास, स्नातक, बीबीए या बीवॉक रखी गई है। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष रखी गई है। चयनित आवेदकों को 13,500 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदक जिसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो वह भी हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र और मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दूरभाष नंबर 01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते है।