अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संस्कृति सदन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मेधावी छात्राओं व विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक : अपूर्व देवगन


मंडी, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संस्कृति सदन कांगनीधार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने की। इस अवसर पर वर्ष 2024-25 की मेधावी छात्राओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस अवसर पर कहा कि वूमेन अचीवर्स समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और उनके उदाहरण से अन्य महिलाओं व युवतियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। महिलाएं आज शिक्षा, खेल, कला, प्रशासन और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान को सम्मान देने और उन्हें और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उपायुक्त ने बाल विकास विभाग की पूरी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आईसीडीएस के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।

मेधावी छात्राओं व महिला उपलब्धि हासिल करने वालों का किया सम्मान


इस अवसर पर वर्ष 2024-25 की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें सरकाघाट की पल्लवी ठाकुर (500 में से 490 अंक), जोगिन्द्रनगर की नाव्या (488 अंक), वंशिका (487 अंक) तथा अनामिका ठाकुर (486 अंक) शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त वास्तुकला के क्षेत्र में बेस्ट कमर्शियल अवॉर्ड से सम्मानित बल्ह की उपासना शर्मा, सफल स्वरोजगार करने वाली मूक-बधिर महिला सरकाघाट की सीमा, किक बॉक्सिंग में गोल्ड मेडलिस्ट मझबाड़ की मुस्कान, वर्ल्ड विंटर गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट राधा देवी तथा एम्स के कॉमन रिक्रूटमेंट टेस्ट में 321 अंक अर्जित करने वाली सुंदरनगर की रंजिता को भी सम्मानित किया गया।

रस्साकशी प्रतियोगिता में चौंतड़ा परियोजना प्रथम


कार्यक्रम के दौरान आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में चौंतड़ा परियोजना प्रथम, करसोग द्वितीय तथा द्रंग तृतीय स्थान पर रही। म्यूजिकल चेयर रेस में सुंदरनगर परियोजना की अंजुला प्रथम, रिवालसर की सरोजना द्वितीय और रिवालसर की धनेश्वरी तृतीय स्थान पर रहीं। मटका फोड़ प्रतियोगिता में छमा देवी, निशा देवी और डोलो देवी विजेता रहीं, जबकि स्पून रेस में भीमा देवी प्रथम, किरना देवी द्वितीय तथा धनवंती देवी तृतीय स्थान पर रहीं।

स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में दीपमाला प्रथम, अंबिका द्वितीय और गीतांजलि शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में रीनू देवी प्रथम, बंधना देवी द्वितीय और शशी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को उपायुक्त ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर धर्मपुर परियोजना से आंगनबाड़ी केंद्र छतर, सराज से राही , चौंतड़ा से मकरीड़ी, द्रंग से कुन्नू, गोहर से बधरूं, गोपालपुर से नायरा, रिवालसर से गलू और सुंदरनगर से सालाह को सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अजय बदरेल, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, परियोजनाओं के बाल विकास परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।