डीबीएल रेलवे परियोजना में सड़क सुरक्षा माह का सफल समापन, उपायुक्त राहुल कुमार ने किया वाहन चालकों को फ्लैग ऑफ
बिलासपुर-07.02.26-दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड द्वारा रेलवे परियोजना पैकेज–5 के अंतर्गत आयोजित सड़क सुरक्षा माह का सफल समापन 31 जनवरी 2026 को किया गया। यह जागरूकता अभियान 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य परियोजना से जुड़े कर्मचारियों, श्रमिकों एवं वाहन चालकों में सड़क एवं कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
समापन समारोह में जिला बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर रेल विकास निगम लिमिटेड के परियोजना निदेशक संतोष कुमार, डीबीएल के परियोजना प्रबंधक पी. एस. अजय कुमार, पीएमसी टीम लीडर सहित परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की सफलता में सुरक्षा मानकों का पालन सर्वोपरि होता है। उन्होंने डीबीएलद्वारा अपनाई गई मजबूत एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासन और जागरूकता के माध्यम से दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।
समापन अवसर पर उपायुक्त द्वारा परियोजना से जुड़े वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए उन्हें फ्लैग ऑफ किया गया। इसके उपरांत सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सुरक्षा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हुआ।
परियोजना अधिकारियों ने जानकारी दी कि परियोजना की शुरुआत से अब तक कोई भी दुर्घटना नहीं हुई है, जो DBL की सुदृढ़ सुरक्षा नीति एवं अनुशासित कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने बताया कि रेलवे परियोजना पैकेज–5 का कार्य लगभग 85 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य अप्रैल 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान DBL द्वारा कर्मचारियों एवं श्रमिकों के लिए विभिन्न सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। इस अवधि में डिफेंसिव ड्राइविंग प्रशिक्षण, अग्निशमन प्रशिक्षण, ऊँचाई पर कार्य से संबंधित सुरक्षा प्रशिक्षण, सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र तथा हॉट वर्क सुरक्षा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सफाई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कंपनी द्वारा सभी स्टाफ एवं कर्मचारियों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया तथा परियोजना के सभी कार्य स्थलों पर मॉक ड्रिल कराई गई, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इसके अतिरिक्त प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इसके साथ ही परियोजना क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई। सड़क सुरक्षा माह के दौरान पर्यावरण मॉनिटरिंग के अंतर्गत एम्बिएंट एयर (वायु गुणवत्ता), एम्बिएंट नॉइज (ध्वनि स्तर), सतही जल एवं पेयजल की नियमित जांच कराई गई। इसके अतिरिक्त मौसमीय वायु गुणवत्ता से संबंधित परीक्षण भी किए गए, ताकि परियोजना क्षेत्र में पर्यावरणीय मानकों के पूर्ण अनुपालन को सुनिश्चित किया जा सके।

================================================

हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, बंदला (हिमाचल प्रदेश) के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा AI पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया

हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, बंदला (हिमाचल प्रदेश) के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा AI पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन यूनिसोल के संस्थापक श्री अजय मोक्टा ने किया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. शशि गुरंग, विभागाध्यक्ष (सीएसई) द्वारा किया गया और यह निदेशक-सह-प्राचार्य श्री उमेश चंद राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को AI की बुनियादी जानकारी और इसके व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराना था।

सत्र के दौरान श्री अजय मोक्टा ने AI के प्रमुख विषयों, रोज़मर्रा के उदाहरणों और भविष्य में करियर अवसरों को सरल भाषा में समझाया। छात्रों ने कार्यशाला को उपयोगी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। कुल मिलाकर, यह कार्यशाला एक सफल और लाभदायक सीखने का अनुभव रही।