धर्मशालाः आज दिनाँक 05 दिसम्बर, 2025 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परछोड़, बनेटा,
समोट (भटियात) तथा पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ, जिला काँगड़ा के 200 से
अधिक छात्र- छात्रओं ने सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया तथा उससे पूर्व विधान सभा अध्यक्ष
कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात कर संसदीय प्रणाली, संवैधानिक व्यवस्था, स्पीकर के पद के महत्व व सदन संचालन में भूमिका तथा मंत्रीमण्डल की शक्तियों बारे कई प्रश्न पूछे जिसका विधान सभा अध्यक्ष ने विस्तार से जवाव दिया। इस अवसर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल भी मौजूद थे। संवाद के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि यह एक सुखद पल है कि आज के युवा व छात्र संसदीय प्रणाली तथा संसदीय प्रक्रिया जानने हेतु सदन की कार्यवाही देखने के लिए आकर्षित हो रहे हैं। यही भारत के लोकतन्त्र की शक्ति है तथा इसका विश्व में सबसे बड़ा तथा मजबूत होने का दावा भी है।
पठानियां ने कहा लोक सभा तथा विधान सभा लोकतन्त्र के सबसे बड़े मन्दिर है जहाँ से देश
की दशा व दिशा तय होती है। पठानियां ने कहा कि संविधान में कानून बनाने का अधिकार केवल संसद व विधान सभा को प्राप्त है। पठानियां ने कहा कि हम लोक सभा तथा विधान सभा सदस्यों का चुनाव सीधा अपने मतों से करते हैं। लोक सभा तथा विधान सभा का कार्यकाल 5 वर्ष का होता है जबकि राज्य सभा तथा विधान परिषद सदस्यों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से किया जाता है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को सदैव स्मरण
रखना होगा चूँकि आज अगर हम आजाद है. अपने हक की बात करते हैं, अपना संविधान है यह उन्हीं
की शहादत की देन है। इस अवसर पर पठानियां ने उन्हें आज सदन में होने वाली कार्यवाही की
जानकारी दी तथा सभी को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया तथा उनके उज्जवल
भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।