दीपावली के दौरान 24 घंटे अलर्ट रहेगा अग्निशमन नियंत्रण कक्ष
होमगार्ड्स के कमांडेंट विनय कुमार ने लोगों से की ऐहतियात बरतने की अपील

हमीरपुर 06 नवंबर। दीपावली के पर्व के दौरान जिले भर में आग की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग और होमगार्ड्स की ओर से इस बार भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। होमगार्ड्स की दसवीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट (नौसेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर) विनय कुमार ने दीपावली पर्व के मद्देनजर हमीरपुर में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जोकि 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिला स्तर पर इस मुख्य नियंत्रण कक्ष के अलावा उपमंडल स्तर पर भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
कमांडेंट ने सभी जिलावासियों से दीपावली का त्योहार मनाते समय कुछ सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि दिवाली के दौरान आतिशबाजी, पटाखे और फुलझड़ियां चलाते समय या दीप प्रज्जवलन से आग लगने की घटनाओं की आशंका रहती है। इस दौरान कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतने से कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
विनय कुमार ने कहा कि दिवाली के दौरान दीयों एवं मोमबत्तियों को सुरक्षित स्थान पर ही जलाना चाहिए। इनके आस-पास कपड़ा, पर्दा, चादर या अन्य ज्वलनशील सामग्री नहीं होनी चाहिए। पूजा के लिए जलाए गए दीये से भी आग लग सकती है। इसलिए, पूजा के स्थान पर भी सावधानी बरती जानी चाहिए।
पटाखे-आतिशबाजी चलाने से पहले आस-पास के क्षेत्र की अच्छी तरह सफाई की जानी चाहिए। इस क्षेत्र में कबाड़ या अन्य कोई भी ज्वलनशील चीज नहीं होनी चाहिए। भीड़-भाड़ वाले इलाके में पटाखे-आतिशबाजी बिलकुल भी नहीं चलाने चाहिए। पटाखे चलाने वाली जगह पर पानी की बाल्टी भी जरूर रखें तथा छोटे बच्चों के पास पटाखे न चलाएं। कोई पटाखा नहीं छूट रहा हो तो उसे हाथ से बिलकुल न छूएं। पटाखे-फुलझड़ियां चलाते समय हमेशा सूती कपड़े पहनें। खतरनाक पटाखे बिलकुल न खरीदें। पटाखे से जलने पर त्वचा को रगड़ें नहीं, बल्कि ठंडे पानी का प्रयोग करें।
कमांडेंट ने कहा कि दिवाली के दौरान कई लोग अपने घरों को बिजली की लाइटों से भी सजाते हैं। लाइटों के संबंध में भी पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इन लाइटों के लिए बिजली की नंगी तारों का बिलकुल भी प्रयोग न करें। इनके कनेक्शन सही होने चाहिए तथा इन्हें इलेक्ट्रिशियन से ही लगवाएं। करंट की आशंका वाली जगह ये लाइटें बिलकुल भी न लगाएं। इन्हें बच्चों से दूर रखें।
============================================
आपात परिस्थितियों में इन नंबरों पर दें आग की घटनाओं की सूचना

मुख्य नियंत्रण कक्ष हमीरपुर : टॉल फ्री नंबर 101, 01972222533 और 8219654902
उप-दमकल केंद्र नादौन : 01972232101 और 8219888134
उप-दमकल केंद्र भोरंज : 01972266101 और 9816836592
दमकल चौकी सुजानपुर : 01972272833 और 8219508595
दमकल चौकी बिझड़ी : 01972283101 और 8219379964
================================
नेरी कालेज के विद्यार्थियों के टूर की व्यवस्थाओं के लिए टेंडर 27 तक

हमीरपुर 05 नवंबर। औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी के विद्यार्थियों के दो अलग-अलग गु्रपों के जनवरी में होने वाले दस-दस दिनों के टूर के लिए वाहनों और अन्य सभी व्यवस्थाओं हेतु महाविद्यालय प्रशासन ने टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों से 27 नवंबर दोपहर 2 बजे तक निविदाएं आमंत्रित की हैं।
महाविद्यालय के डीन डॉ. सतीश कुमार भारद्वाज ने बताया कि पहले गु्रप का टूर 10 जनवरी से 21 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 86 विद्यार्थी और 2 शिक्षक शामिल होंगे। दूसरे ग्रुप का टूर 13 से 24 जनवरी तक होगा, जिसमें लगभग 79 विद्यार्थी और 2 शिक्षक होंगे। 27 नवंबर दोपहर 2 बजे तक प्राप्त निविदाएं, इसी दिन दोपहर बाद 3 बजे तक खोल दी जाएंगी।
निविदा फार्म और अन्य जानकारियां विश्वविद्यालय की वेबसाइट वाईएसपीयूनिवर्सिटी.एसी.इन yspuniversity.ac.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
==========================================
सोलन दिनांक 06.11.2026
जिला स्तरीय युवा उत्सव 17 नवम्बर को

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, सोलन भूपेन्द्र वर्मा ने कहा कि 17 नवम्बर, 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव (विकसित भारत युवा नेता संवाद) सांस्कृतिक ट्रैक का आयोजन चिल्ड्रन पार्क स्थित युवा सेवा एवं खेल विभाग के खेल सभागार में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में समूह लोक गीत, समूह लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला व कविता लेखन स्पधाओं का आयोजन किया जाएगा तथा थीम ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ रहेगा।
समूह लोक गीत, लोक नृत्य एवं नुक्कड नाटक प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की अधिकतम संख्या सहयोगी प्रतिभागियों सहित 10-10 होगी तथा एक प्रतिभागी केवल एक ही स्पर्धा में भाग ले सकता है।
भूपेन्द्र वर्मा ने कहा कि इन प्रतियोगिता में सोलन जिला के 15 से 29 आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते है तथा सहयोगी प्रतिभागियों के लिए आयु सीमा 18-40 रखी गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागियों को 17 नवम्बर, 2026 तक अपने आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रतियों सहित चिल्ड्रन पार्क स्थित खेल सभागार में प्रातः 09ः30 बजे पहुंचना होगा।
खेल अधिकारी ने कहा कि इन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। प्रतियोगिता सम्बन्धित अधिक जानकारी के लिए युवा संयोजक के मोबाईल नम्बर 9459108417 पर सम्पर्क कर सकते है।
==========================================
युवाओं को यूपीएससी एवं एचपीपीएससी की निशुल्क कोचिंग का अवसर
डॉ. अम्बेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 100 निःशुल्क सीटों के लिए 20 नवम्बर तक करें आवेदन

बिलासपुर, 6 नवम्बर: जिला कल्याण अधिकारी बिलासपुर रमेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला स्थित डॉ. अम्बेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) की ग्रुप-ए एवं ग्रुप-बी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक वर्षीय निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र युवाओं के लिए 100 निःशुल्क सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त 25 सशुल्क सीटें भी निर्धारित की गई हैं। निःशुल्क कोचिंग के लिए अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये या इससे कम, आयु 21 से 37 वर्ष तथा 12वीं और स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सामान्य प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 12 माह तक 4,000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवम्बर, 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा संभावित रूप से 29 नवम्बर को होगी तथा कक्षाएं 1 जनवरी, 2027 से शुरू होंगी। सशुल्क कोचिंग के लिए वार्षिक फीस 75,000 रुपये निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.cuhimachal.ac.in/ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बिलासपुर जिले के पात्र युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन सुनिश्चित करें।
==========================================
नादौन में 20 पदों के लिए साक्षात्कार 13 को

हमीरपुर 06 नवंबर। भाकड़ा (ह्यूंडई) सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में सर्विस एडवाइजर, इलेक्ट्रिशियन, अकाउंटेंट, सेल एग्जीक्यूटिव और मोटर मैकेनिक के कुल 20 पदों को भरने के लिए 13 नवंबर को सुबह साढे दस बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अलग-अलग श्रेणी के इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास, स्नातक, बीकॉम, एमकॉम, डिप्लोमा और आईटीआई डिप्लोमा रखी गई है। इन पदों के लिए 19 से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार ही पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को साढे बारह हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।