शाहपुर, 28 अक्तूबर -शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बलड़ी गांव में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित फुटब्रिज का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस फुटब्रिज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो कॉल के माध्यम से धनराशि स्वीकृत की थी।
बरसात के बाद पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नए फुटब्रिज के तैयार होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने घोषणा की कि बलड़ी गांव को जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इसके लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। इसके लिए इलाकवासी उनके आभारी हैं ।
उन्होंने बताया कि इसमें से 10 लाख रुपये फुटब्रिज के निर्माण पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष 90 लाख रुपये रेहलू-बलड़ी सड़क के निर्माण पर व्यय किए जाएंगे। इससे गांव के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए पठानिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को धमोटा गांव के लिए सड़क निर्माण से संबंधित भूमि की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण के लिए निजी भूमि की आवश्यकता पड़ती है, तो संबंधित भूमि मालिकों से भी सहयोग की अपील की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फुटब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन धान की फसल के कारण इसके लोकार्पण में देरी हुई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पावर प्रोजेक्ट स्थापित किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
इससे पहले विधायक ने बहाव सिंचाई योजना के अंतर्गत सरांकनी कूहल की आरसीसी लाइनिंग का उद्घाटन भी किया।

पहली बार गांव पहुंचे विधायक, ग्रामीणों ने जताई खुशी
इस अवसर पर सेवानिवृत्त बीईईओ एवं स्थानीय निवासी सेठ राम ने भावुक अंदाज में कहा कि देश को आजादी वर्ष 1947 में मिली थी, लेकिन क्षेत्र के विधायक और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के गांव पहुंचने से आज उन्हें वास्तविक मायनों में आजादी का एहसास हो रहा है।
ग्राम पंचायत भनाला की प्रधान नीलम राणा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और गांव पहुंचने पर उनका आभार जताया। उन्होंने पंचायत की विभिन्न समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा। जिला परिषद सदस्य संदीप ने भी अपने विचार रखे।
इसके उपरांत विधायक केवल सिंह पठानिया ने गोरडा पंचायत में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, बीडीओ रैत योगेंद्र, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओंकार राणा, जिला परिषद सदस्य संदीप, प्रधान रेहलू सीमा महाजन, प्रधान सकऊ पिंटू परमार, प्रधान बोडूसरना नीलम, पूर्व प्रधान देवराज, पूर्व बीडीसी अक्षय अत्री, कैप्टन सुभाष, चैन सिंह, अजय चौधरी, रवींद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।