मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु के नेतृत्व में इंदौरा में तेज हुआ विकास का पहिया:: मलेंद्र राजन
गांव धरवाल तक सड़क निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन, करीब 25 लाख रुपये की लागत से बनेगी सड़क
कहा... इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़े विकास कार्य प्रगति पर

इंदौरा, 23 सितम्बर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में ताजवां से धरवाल वाया धुमलाहड़ (गांव धरवाल तक) सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन द्वारा किया गया। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 25 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मलेन्द्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु के नेतृत्व में इंदौरा में विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि हमें अपने विधान सभा क्षेत्र को माॅडल विधान सभा क्षेत्र बनाना है। उन्होंने कहा कि ताजवां से धरवाल वाया धुमलाहड़ सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा गांवों की मुख्य सड़क से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं जबकि 80 करोड़ की लागत के अन्य सड़क कार्य विधान सभा में शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्षेत्र में इलैक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की जाएगी इससे क्षेत्र के लोगों को पर्यावरण अनुकूल आधुनिक परिवहन सेवा उपलब्ध होगी।
मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये की लागत से काम चल रहे हैं। सड़क निर्माण, पेयजल योजनाओं, सिंचाई सुविधाओं तथा बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क जल्द बनकर तैयार हो जाएगी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित पंचायत में बिजली का ट्रांसफार्मर जल्द स्थापित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से इस कार्य को शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा क्षेत्र में 80 नए ट्राॅसफार्मर लग रहे हैं। इसके साथ ही विधानसभा में 13 करोड़ की लागत से बनने बाला विद्युत सब स्टेशन मोकी का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की आधारशिला हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शहरों के समान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और विकास कार्यों का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचे।
विधायक मलेंद्र राजन ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को खेल, शिक्षा, स्वरोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं से अपील की कि वे अपने आसपास नशे की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभागों को दें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर ही मजबूत और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में चलोह पंचायत के प्रधान सुरेंद्र सिंह, उपप्रधान चलोह करण सिंह, जरम सिंह ठाकुर, कुलबीर चंब्याल, मनोहर सिंह, किशन दत्त, बशीर, शेरू, मनोज कुमार, नरेंद्र शर्मा, संतोष शास्त्री, आंचल, दलजीत, हजूरा मास्टर, सुनील कुमार, विजय कुमार सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सनिहाल, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव बांद्राल, जल शक्ति विभाग के एसडीओ राजेंद्र सनोरिया, मोहन शर्मा, प्रधानाचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।