हमीरपुर 16 सितंबर। राजकीय पॉलीटैक्निक कॉलेज हमीरपुर (बड़ू) के परिसर में शिक्षकों के लिए ‘एमर्जिंग टैक्नोलॉजी फॉर एजूकेटर्स’ विषय पर आयोजित किए जा रहे पांच-दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम के दूसरे दिन भी शिक्षकों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पॉलीटैक्निक संस्थानों और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों सहित अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के 36 शिक्षक भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला के दूसरे दिन सी-डैक मोहाली के ई-ग्रेड वैज्ञानिक डॉ. बलविंदर सिंह ने ने एआई तकनीक के बारे में में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर पॉलीटैक्निक कॉलेज हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्र शेखर ने कहा कि एआई एक बहुत ही तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है। इसमें लगातार बड़ी तेजी से बदलाव हो रहे हैं। इन बदलावों के प्रति शिक्षकों को भी अपने आपको अपडेट एवं अपग्रेड करना होगा। इस दिशा में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुत ही महत्वपूर्ण है। सभी प्रतिभागी शिक्षकों को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
दूसरे दिन के विभिन्न सत्रों के दौरान संस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. पंकज ठाकुर, इसी विभाग के वरुण गुप्ता और अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।