हमीरपुर 02 सितंबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने जनसंपर्क अभियान के तहत ग्राम पंचायत नेरी के गांव कमलाह का दौरा किया और स्थानीय लोगांे से मुलाक़ात की तथा उनकी मुश्किलों के समाधान और उनके इलाके के विकास के बारे में सलाह मशविरा किया।
गांववासियों ने कृषि सिंचाई योजना के बारे में अपने विचार रखे और बारिश की वजह से रास्तों के टूटने की समस्या को प्रमुखता से रखा। उन्होंने गांव कमलाह के लिंक रोड को पक्का करने और फ़ोरलेन से जोड़ने की मांग भी सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष रखी। महिला मंडल की सदस्यों ने अपने भवन की मरम्मत करवाने और एक अतिरिक्त कमरे के निर्माण की मांग रखी।
सुनील शर्मा बिट्टू ने गांव की सभी समस्याओं के अतिशीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कमलाह की सिंचाई परियोजना के अंतर्गत चैंबर बनाए जाएंगे तथा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए सभी रास्तों की मरम्मत के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। बरसात समाप्त होने के बाद गांव के लिंक रोड को फोरलेन हाईवे से जोड़ने का कार्य आरंभ किया जाएगा। महिला मंडल भवन और अन्य कार्यों के लिए भी बजट मंजूर करवाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान रीना देवी, पंचायत सदस्य प्रोमिला देवी, किशन चंद, सोहन लाल, काका राम, पुरुषोत्तम चंद, विजय कुमार, देवराज शर्मा, सुरेश कुमार, पूर्व बीडीसी सदस्य संजीव शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।