चण्डीगढ़, 28.07.26- : चण्डीगढ़ सीनियर सिटीज़न्स एसोसिएशन (सीएससीए) ने सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूज़ियम एवं आर्ट गैलरी, चंडीगढ़ में जुलाई माह में जन्मे अपने सभी सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर 170 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद सदस्यों के लिए मनोरंजक तंबोला खेल का आयोजन किया गया तथा कुछ सदस्यों ने मधुर गीत प्रस्तुत कर माहौल को आनंदमय बना दिया।
हीलिंग हॉस्पिटल, सेक्टर-34, चंडीगढ़ के डॉ. एच. पी. सिंह ने मधुमेह (डायबिटीज़) एवं उससे होने वाली जटिलताओं पर एक उपयोगी स्वास्थ्य व्याख्यान दिया और उपस्थित सदस्यों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
पारंपरिक केक काटने की रस्म के बाद जुलाई माह में जन्मे सदस्यों को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों को स्वादिष्ट नाश्ता और चाय परोसी गई।
यह आयोजन मनोरंजन, आपसी मेल-मिलाप और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का एक सफल एवं यादगार संगम साबित हुआ।