एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर ने सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के अधिसूचित किए 80 पद
22 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं तथा 23 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में होंगे साक्षात्कार

बिलासपुर, 18 जुलाई: जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि मै. एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर ने सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 80 पद अधिसूचित किए है। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में 22 जुलाई तथा 23 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल योग्य पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते है। इच्छुक उम्मीदवार की आयु 19 से 40 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, ऊंचाई 168 सेंमी. तथा 54 से 95 किलोग्राम भार होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 17,500 रुपये से 24,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को ईपीएफ, इएसआईसी तथा बीमा पेंशन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि योग्य व इच्छुक आवेदक जो इन पदों से सम्बन्धित योग्यता रखते है वह अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड एक्स-10, आधार कार्ड, 10वीं का प्रमाण पत्र, संबंधित योग्यता तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो, अनुभव प्रमाण पत्र एवं अपने बायोडाटा की प्रति सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222450 व नियोक्ता के मोबाइल नम्बर 8558062252 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

============================================

राजनीतिक शास्त्र और कला अध्यापकों की परीक्षाएं 29 को

हमीरपुर 18 जुलाई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने राजनीतिक शास्त्र और ड्राइंग टीचर के पदों की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि राजनीतिक शास्त्र के शिक्षकों पोस्ट कोड 26028 की परीक्षा 29 जुलाई को दो शिफ्टों में सुबह 9 से 10ः30 बजे तक और दोपहर 12ः30 बजे से 2 बजे तक होगी। जबकि, ड्राइंग टीचर पोस्ट कोड 26022 की परीक्षा भी इसी दिन शाम को 4 से 5ः30 बजे तक होगी।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आयोग के कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
================================================
राष्ट्रीय स्तर के फिश ब्रूड बैंक का कार्य निर्धारित समय सीमा में होगा पूरा: ओमकांत ठाकुर
उच्च गुणवत्ता वाले मत्स्य बीज से बढ़ेगा प्रदेश का मत्स्य उत्पादन, किसानों और मछुआरों को मिलेगा लाभ
बिलासपुर, 18 जुलाई: निदेशक एवं वार्डन मत्स्य विभाग हिमाचल प्रदेश ओमकांत ठाकुर ने जिला सोलन के नालागढ़ में निर्माणाधीन राष्ट्रीय स्तर के फिश ब्रूड बैंक परियोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। लगभग पांच करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि लगभग पांच करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे राष्ट्रीय स्तर के इस फिश ब्रूड बैंक का निर्माण कार्य जनवरी, 2027 से पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, जल शक्ति विभाग तथा हिमाचल प्रदेश एक्वाकल्चर, फिशिंग एंड मार्केटिंग सोसायटी के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए।
ओमकांत ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। राज्य में आधुनिक मत्स्य अवसंरचना विकसित करने, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मत्स्य किसानों को नवीन तकनीकों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर का यह फिश ब्रूड बैंक इन्हीं प्रयासों की महत्वपूर्ण कड़ी है, जिससे प्रदेश में वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक मत्स्य पालन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के मत्स्य क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके माध्यम से प्रदेश के जलाशयों, बांधों एवं अन्य मत्स्य जल स्रोतों में संचयन के लिए उच्च गुणवत्ता वाले परिपक्व (ब्रूड) नर एवं मादा मत्स्य उपलब्ध होंगे, जिनसे गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज तैयार किया जाएगा। इससे मत्स्य बीज की गुणवत्ता में सुधार होगा, मत्स्य उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी तथा प्रदेश के समग्र मत्स्य उत्पादन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, मत्स्य किसानों एवं मछुआरों की आय में वृद्धि होगी तथा स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने परियोजना परिसर में विकसित किए जा रहे प्रशिक्षण केंद्र, हैचरी इकाई तथा विभिन्न मत्स्य तालाबों के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
निदेशक ने बताया कि इस फिश ब्रूड बैंक में हिमाचल प्रदेश की जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उन्नत मत्स्य प्रजातियों का विकास किया जाएगा। इनमें जयंती अमृत कतला, जयंती रोहू तथा अमूर कार्प जैसी उच्च उत्पादकता वाली प्रजातियां प्रमुख हैं। इन प्रजातियों के गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध होने से प्रदेश में मत्स्य उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा मत्स्य पालन क्षेत्र के सतत विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर सहायक निदेशक सोमनाथ, मत्स्य अधिकारी राकेश कुमार सहित हिमाचल प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन, जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश एक्वाकल्चर, फिशिंग एंड मार्केटिंग सोसायटी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

==================================================

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आज पांचवे दिन 121 कलाकारों ने दिया ऑडिशन

अब तक 624 कलाकार बने ऑडिशन का हिस्सा
चंबा ,18 जुलाई-अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों के चयन के लिए आज उपमंडल भरमौर एवं पांगी के लिए ऑडिशन लिए गए जिसमें 121 कलाकारों ने भाग लिया। यह जानकारी जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने दी।
ऑडिशन प्रक्रिया पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में करवाई जा रही है जिसमें जिला भर से कलाकार भाग ले रहे हैं। ऑडिशन प्रक्रिया का आज पांचवां दिन था जिसके तहत नगर परिषद चंबा, उपमंडल चंबा, उप मंडल भटियात व डलहौजी, उपमंडल सलूणी एवं तीसा तथा उपमंडल भरमौर एवं पांगी का ऑडिशन पूर्ण कर लिया गया है अब तक 624 कलाकार ऑडिशन में हिसा ले चुके हैं।
20 जुलाई को जिला चंबा से बाहर के कलाकारों का ऑडिशन लिया जायेगा।
====================================================
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक आवास-सह-कार्यालय का उपायुक्त ने किया शुभारंभ
जिला बिलासपुर में विकास गतिविधियों को मिलेगी नई गति
बिलासपुर, 17 जुलाई: राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला विकास प्रबंधक आवास-सह-कार्यालय (आरसीओ) का शुभारंभ उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जेएस विला, गांव मेहन, डाकघर चांदपुर, सदर बिलासपुर में किया। इस अवसर पर नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक शिमला डॉ. विवेक पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) कार्यालय, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (एचपीएसटीसीबी), मानव विकास संस्थान (एमवीएस), कामधेनु हितकारी मंच (केएचएम) सहित विभिन्न विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं किसानों के कल्याण में नाबार्ड के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बिलासपुर में जिला विकास प्रबंधक आवास-सह-कार्यालय की स्थापना को जिले में विकासात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी तथा सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड डॉ. विवेक पठानिया ने ग्रामीण विकास, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं आजीविका संवर्धन में नाबार्ड की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड बिलासपुर साहिल कीर्ति ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नया आरसीओ जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, बैंकों तथा विकास सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

==================================================

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला कल्याण कार्यालय ने आयोजत किया भांग उखाड़ो अभियान
एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत लोगों से किया पौधरोपण का आहवान

बिलासपुर, 18 जुलाई: जिला कल्याण अधिकारी बिलासपुर रमेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय परिसर में भांग उखाड़ो अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के दौरान कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में उगे भांग के पौधों को उखाड़कर नष्ट किया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

उन्होंने बताया कि इसके पश्चात् अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण को बढ़ावा देने तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, ये तीनों एक संवेदनशील एवं सशक्त समाज की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को जीवन प्रदान करता है, उसी प्रकार हमारे बुजुर्ग अपने अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज को दिशा देते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने माता-पिता एवं सभी वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, आदर एवं देखभाल सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला कल्याण कार्यालय द्वारा विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा मंडलों, महिला मंडलों तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से पूरे जिला में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह किसी भी प्रकार का नशा चाहे वह मादक पदार्थ, शराब, तंबाकू, सिगरेट, ई-सिगरेट अथवा अन्य किसी व्यसन के रूप में हो, से स्वयं को पूर्णतः दूर रखें।
उन्होंने लोगों से आहवान किया कि प्रत्येक परिवार एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं, उसका संरक्षण करें तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में अपना योगदान दें।

========================================

नादौन में 21 को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग स्थगित

नादौन 18 जुलाई। एसडीएम कार्यालय नादौन के अंतर्गत 21 जुलाई को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नादौन के एसडीएम और पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकारी निशांत शर्मा ने बताया कि प्रशासनिक कारणों से इन्हें स्थगित करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की नई तिथि जल्द ही निर्धारित कर दी जाएगी।

===========================================

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सीखी उद्यमिता एवं जनरेटिव एआई की तकनीक

हमीरपुर में आयोजित किया गया तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम

हमीरपुर 18 जुलाई। जिला उद्योग केंद्र हमीरपुर ने 16 से 18 जुलाई तक यहां खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) आयोजित किया, जिसमें जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की 30 महिलाओं ने भाग लिया।
इस दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न आयामों जैसे व्यावसायिक अवसरों की पहचान, बाजार एवं ग्राहक की समझ, लागत निर्धारण, मूल्य निर्धारण, लाभप्रदता, वित्तीय योजना, सरकारी योजनाओं, उद्यम पंजीकरण, डिजिटल उपकरणों तथा व्यवसाय संचालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व्यवसायों के विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने महिलाओं को एआई आधारित डिजिटल उपकरणों का उपयोग कर अपने उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग, ब्रांडिंग तथा ग्राहक तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग महिला उद्यमियों और सूक्ष्म उद्यमों को स्थापित एवं विकसित करने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने व्यवसायों के विकास में एआई की बढ़ती भूमिका पर भी विशेष प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रतिभागियों को जनरेटिव एआई के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मोबाइल फोन के माध्यम से उत्पादों की आकर्षक फोटो तैयार करना, पोस्टर एवं सोशल मीडिया सामग्री बनाना, उत्पाद विवरण तैयार करना तथा डिजिटल मार्केटिंग के लिए निःशुल्क एआई टूल्स का उपयोग करना सिखाया गया, ताकि महिलाएं अपने उत्पादों का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर सकें।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पारंपरिक आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ाकर बाजार उन्मुख, तकनीक-सक्षम एवं आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में विकसित करना था। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा भविष्य में सीखी गई तकनीकों को अपने व्यवसाय में अपनाने का आह्वान किया गया।

====================================================

स्टाफ नर्स के 71 पदों पर होगी बैचवाइज भर्ती
रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना चाहिए अभ्यर्थी का नाम

हमीरपुर 18 जुलाई। स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्सों के 71 पदों को भरने के लिए बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जा रही है।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस भर्ती में सामान्य वर्ग के 28 पदों के लिए दिसंबर 2010 तक के बैच की अभ्यर्थी पात्र हैं। सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के 7 पदों के लिए जून 2011 तक के बैच, सामान्य डब्ल्यूएफएफ वर्ग के एक पद के लिए दिसंबर 2012 तक के बैच, अनुसूचित जाति के 13 पदों के लिए दिसंबर 2013 तक के बैच, अनुसूचित जाति बीपीएल के 3 पद के लिए दिसंबर 2014 तक के बैच, अनुसूचित जाति डब्ल्यूएफएफ के एक पद के लिए दिसंबर 2017 तक के बैच, अन्य पिछड़ा वर्ग के 13 पदों के लिए दिसंबर 2012 बैच, अन्य पिछड़ा वर्ग बीपीएल के 3 पद के लिए दिसंबर 2013 बैच और अनुसूचित जनजाति के 2 पदों के लिए दिसंबर 2013 तक के बैच की अभ्यर्थी पात्र होंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि बैचवाइज भर्ती के लिए अभ्यर्थी का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना चाहिए। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नजदीकी रोजगार कार्यालय में जाकर सूची में अपना नाम देख लें। अगर सूची में उनका नाम नहीं है तो वे 22 जुलाई से पहले विभाग की वेबसाइट ईईएमआईएस.एचपी.जीओवी.इन पर अपने नाम ऑनलाइन दर्ज करवा दें। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी रोजगार कार्यालय या जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।
=======================================================
ब्यूटीशियन कोर्स की प्रतिभागियों को दी टीबी, एचआईवी-एड्स से बचाव की जानकारी

हमीरपुर 18 जुलाई। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कोर्स की प्रतिभागियों के लिए शनिवार को एक जागरुकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में स्वास्थ्य विभाग के जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी और टीबी उन्मूलन अभियान के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने प्रतिभागी महिलाओं को एचआईवी-एड्स, टीबी, हैपेटाइटिस और अन्य गंभीर रोगों के कारणों, इनसे बचाव और इनके उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ब्यूटी पार्लर में कार्य करते समय कुछ सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी होती है, ताकि पार्लर के माध्यम से किसी भी तरह के गंभीर रोग का संक्रमण न फैल सके। ब्यूटी पार्लर में कई तीखे औजारों एवं उपकरणों का प्रयोग किया जाता है। इसके अलावा ग्राहकों के साथ भी नजदीकी संपर्क रहता है। इससे ब्यूटी पार्लरों के संचालकों और ग्राहकों में कई संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका रहती है। इसलिए, इनमें सुरक्षा किट्स का प्रयोग किया जाना चाहिए तथा सफाई का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।