शाहपुर, 15 जुलाई-शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी जुड़ी है।
इसी सोच के साथ शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं हवन के साथ करने की एक नई एवं सार्थक पहल की गई है।
इसी क्रम में आज राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में आयोजित सरस्वती वंदना कार्यक्रम में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हवन में आहुतियां देकर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक मंगलवार प्रातः हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र के पाठ के साथ विद्यालयी गतिविधियों की शुरुआत की गई है।
केवल सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में इसी शैक्षणिक सत्र से बीवॉक की कक्षाएं शुरू करने की अनुमति मिल गई है। साथ ही भविष्य में यहां बीबीए और बीसीए की कक्षाएं शुरू करने की भी योजना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय में बीवॉक एवं पीजीडीसीए पाठ्यक्रमों की मंजूरी दिलाने के लिए विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य राकेश पठानिया, राजकीय महाविद्यालय लंज के प्राचार्य संजय शर्मा, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार के कार्यकारी प्राचार्य विनोद, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, शमसेर भारती, भाग सिंह, सीडीपीओ रैत निर्मला, डॉ. सतीश ठाकुर, डॉ. केशव, बैंक प्रबंधक जे.आर. शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी विनोद, फार्मेसी अधिकारी चमन, एसएचओ शाहपुर राजेंद्र सिंह, लोक गायक ईशांत भारद्वाज, प्रधान सुरेश, उपप्रधान विकास एवं बिंदु, बीडीसी सदस्य आकाश, महाविद्यालय का शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
=================
क्यारी में बनेगा भव्य पंचायत भवन: केवल सिंह पठानिया
पटियाल बस्ती सड़क के लिए 10 लाख, प्राथमिक स्कूल में दो कमरों हेतु 5 लाख और दो हैंडपंप लगाने की घोषणा
शाहपुर, 15 जुलाई-शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत क्यारी में आयोजित 'सरकार जनता के दरबार' कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
जनसभा को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्राम पंचायत क्यारी की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए यहां नए एवं भव्य पंचायत भवन के निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत भवन के लिए भूमि चिन्हित कर उससे संबंधित सभी औपचारिकताएं अगले 15 दिनों के भीतर पूरी की जाएं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
उन्होंने पंचायत के विकास को गति देने के लिए पटियाल बस्ती तक सड़क निर्माण हेतु 10 लाख रुपये, राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यारी में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा पंचायत के दो स्थानों पर पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए दो हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करना और क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और आने वाले समय में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को एक मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 19 पात्र लाभार्थियों को कुल 2 लाख 89 हजार 800 रुपये की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।
ग्राम पंचायत क्यारी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पंचायत प्रधान मंजू देवी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए पंचायत की विभिन्न विकास संबंधी मांगों और समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
जिला परिषद सदस्य मीना राणा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वह जिला परिषद सदस्य के रूप में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेंगी।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक बागवानी अलक्ष पठानिया, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विशाल जम्वाल, डीएफओ अमित शर्मा, डीएम फॉरेस्ट कॉरपोरेशन अमरीश शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशाषी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर,बीडीओ रैत कमलजीत, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, खाद्य आपूर्ति अधिकारी सुरेश, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज,बीडीसी सदस्य हरबंस, एसएचओ शाहपुर राजेंद्र सिंह,नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल पूर्व पार्षद शुभम एवं आजाद, बिंदा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।