योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से बनाता है स्वस्थ एवं सशक्त: राजेश धर्माणी
त्यून खास में पर्यटन की हैं अपार संभावनाएं, पर्यटन विकास को उठाएंगे महत्वपूर्ण कदम
बलोह और त्यून खास में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने की शिरकत
घुमारवीं (बिलासपुर), 21 जून: नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के बलोह तथा त्यून खास में जिला आयुष विभाग के सौजन्य से आयोजित योग शिविरों में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग हमारी दिनचर्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए तथा नियमित रूप से अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक लाभ तभी प्राप्त होगा, जब इसे नियमित तौर पर सही विधि के अनुसार किया जाए। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ आत्मा का निवास होता है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज, प्रदेश तथा देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव अनेक बीमारियों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। ऐसे में लोगों को योग और ध्यान के माध्यम से स्वयं को तनाव मुक्त रखने का प्रयास करना चाहिए। योग जहां मानसिक शांति प्रदान करता है तो वहीं सकारात्मक ऊर्जा का भ प्रवाह करता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
त्यून खास में पर्यटन की हैं अपार संभावनाएं, पर्यटन विकास को उठाएंगे अहम कदम
इसके उपरांत राजेश धर्माणी ने त्यून खास स्थित प्राचीन किलों एवं ऐतिहासिक स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व से परिपूर्ण है तथा इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। पर्यटन मानचित्र पर इस क्षेत्र को स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां आ सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक इको-टूरिज्म समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त वन विभाग के अधिकारियों को भी समिति से जोड़ा जाएगा ताकि क्षेत्र का विकास सामूहिक प्रयासों से किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्कृति, परंपराओं तथा पारंपरिक व्यंजनों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटक हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकें और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि हो।
राजेश धर्माणी ने कहा कि संबंधित पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध करवाने तथा सभी प्रमुख मार्गों को पक्का करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कई सड़क परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है तथा अनेक परियोजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जिन पर शीघ्र कार्य आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुगम एवं बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से बेहतर ढंग से जोड़ा जा सके।
त्यून खास स्कूल का किया औचक निरीक्षण, दो कमरों तथा रिटेनिंग वाॅल का प्राक्कलन तैयार करने के दिये निर्देश
इस बीच उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय त्यून खास का औचक निरीक्षण किया तथा स्कूल में विद्यार्थियों को बैठने की आ रही दिक्कतों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही दो कमरों तथा रिटेनिंग वॉल का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होंने जन समस्याओं को भी सुना तथा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किये।
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल, पंचायत प्रधान उषा देवी, उपप्रधान कश्मीर सिंह, बीडीसी सदस्य फूला देवी, एसडीएम गौरव चैधरी, डीएसपी विशाल वर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना शर्मा, उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका, डॉ. अभिषेक, पूर्व प्रधान लेख राम, सुनीता धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।