धर्मशाला, 16 मई: नगर निगम धर्मशाला के आगामी चुनावों के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह जानकारी देते हुए एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम धर्मशाला के कुल 17 वार्डों में मतदान के लिए 34 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 12 मतदान केंद्रों को संवेदनशील तथा 5 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील (हाइपर सेंसिटिव) श्रेणी में रखा गया है। इन मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था एवं विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम मोहित रत्न ने बताया कि नगर निगम धर्मशाला क्षेत्र में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 36,800 है। इनमें 18,258 महिला मतदाता तथा 18,542 पुरुष मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और सभी पात्र मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
उन्होंने जानकारी दी कि मतदान प्रक्रिया 17 मई 2026 को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। इसके पश्चात नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से नगर निगम मुख्यालय में आरंभ की जाएगी।
एसडीएम मोहित रत्न ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता तथा निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी चुनाव प्रक्रिया में सहयोग बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

===========================================

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कांगड़ा में 17,643 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
धर्मशाला, 16 मई: पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए जिला कांगड़ा में नामांकन प्रक्रिया तथा नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विभिन्न पदों के लिए कुल 17,643 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। जिला स्तर पर प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पंचायती राज संस्थाओं के लिए कुल 19,698 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से जांच के दौरान 250 नामांकन निरस्त किए गए तथा 1,805 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए।

यह जानकारी देते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सचिन ठाकुर ने बताया कि जिला में प्रधान पद के लिए कुल 3,817 नामांकन दाखिल हुए थे। इनमें 62 नामांकन जांच के दौरान निरस्त हुए तथा 479 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। इसके बाद कुल 3,276 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उप-प्रधान पद के लिए 4,212 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें से 26 नामांकन निरस्त हुए तथा 508 नाम वापस लिए जाने के बाद 3,678 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
इसी प्रकार वार्ड सदस्य पद के लिए 9,799 नामांकन दाखिल किए गए थे। जांच में 145 नामांकन निरस्त हुए तथा 720 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। इसके बाद 8,934 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने हुए हैं। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 1,604 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें 14 नामांकन निरस्त हुए और 81 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, जिसके बाद 1,509 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वहीं जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 266 नामांकन दाखिल हुएए जिनमें 3 नामांकन निरस्त हुए तथा 17 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। इसके बाद 246 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।