जिला में 2845 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, 10391 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
1326 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

मंडी, 16 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंडी जिला में पंचायती राज चुनावों के लिए अब 10391 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। उन्होंने बताया कि कुल 14562 वैध प्रत्याशियों में से 2845 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं, जबकि 1326 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशियों में पंचायत समिति सदस्य के 4, प्रधान के 9, उपप्रधान के 12 तथा वार्ड सदस्य के 1301 प्रत्याशी शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 14614 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिनमें से 52 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किए गए थे। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया में जिला परिषद सदस्य पद के लिए 22, पंचायत समिति सदस्य के लिए 137, प्रधान पद के लिए 689, उपप्रधान पद के लिए 786 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 1211 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए।
उन्होंने बताया कि सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं, जिसके बाद उम्मीदवार अब अपने चुनाव चिन्ह के साथ प्रचार कर सकेंगे। पंचायती राज चुनाव 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

======================================

नगर निगम मंडी चुनावों की सभी तैयारियां पूर्ण-अपूर्व देवगन
14 वार्डों के लिए 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में,
29244 मतदाताओं के लिए 36 मतदान केन्द्र स्थापित


मंडी, 16 मई। नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि नगर निगम के 14 वार्डों में पार्षदों के निर्वाचन के लिए 17 मई को प्रातः 7 बजे से अपराहन 3 बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी में कुल 31263 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 29244 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड नंबर-14 बेहना से सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के कारण वहां चुनाव नहीं हो रहा है। बेहना वार्ड में कुल 2019 मतदाता हैं। नगर निगम के 14 वार्डों के लिए कुल 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

नगर निगम क्षेत्र में 31263 मतदाता


उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम मंडी क्षेत्र में कुल 31263 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 15368 पुरुष तथा 15895 महिला मतदाता शामिल हैं। सबसे अधिक 2892 मतदाता वार्ड नंबर-1 खलियार में हैं, जबकि सबसे कम 1327 मतदाता वार्ड नंबर-8 पैलेस कॉलोनी-1 में दर्ज हैं।उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-2 पुरानी मंडी में 1812, वार्ड नंबर-3 पड्डल में 1741, वार्ड नंबर-4 नेला में 2227, वार्ड नंबर-5 मंगवाई में 2118, वार्ड नंबर-6 सन्यारड में 1990, वार्ड नंबर-7 तलयाहड़ में 2113, वार्ड नंबर-9 पैलेस कॉलोनी-2 में 2238, वार्ड नंबर-10 सुहड़ा में 2085, वार्ड नंबर-11 समखेतर में 2242, वार्ड नंबर-12 भगवाहन में 2265, वार्ड नंबर-13 थनेहड़ा में 2111 तथा वार्ड नंबर-15 दौंहदी में 2083 मतदाता हैं।

36 मतदान केन्द्र स्थापित, 413 अधिकारी-कर्मचारी तैनात


अपूर्व देवगन ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 413 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा ईवीएम सहित अन्य चुनाव सामग्री संबंधित मतदान केन्द्रों तक पहुंचा दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

मतदाताओं से मतदान में भागीदारी की अपील


उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

==========================================

शहरी निकाय चुनावों के लिए 538 मतदान अधिकारी-कर्मचारी और 180 पुलिस कर्मी तैनात- अपूर्व देवगन
जिले में 63112 मतदाताओं के लिए 90 मतदान केन्द्र स्थापित

मंडी, 16 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि 17 मई को होने वाले शहरी निकाय चुनावों के लिए जिले भर में मतदान दलों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान केन्द्रों की स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया है। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए 538 मतदान अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा 180 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जिले में कुल 63112 मतदाताओं के लिए 90 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी के 14 वार्डों सहित नगर परिषद सुंदरनगर, जोगिन्द्रनगर, नेरचौक, सरकाघाट तथा नगर पंचायत रिवालसर और करसोग में चुनाव होंगे। नगर निगम मंडी में 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं तथा यहां 29244 मतदाता हैं। नगर निगम क्षेत्र में मतदान के लिए 36 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां चुनाव ड्यूटी के लिए 238 मतदान अधिकारी-कर्मचारी तथा 72 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद सुंदरनगर में 31 उम्मीदवार, नगर परिषद जोगिन्द्रनगर में 17, नगर परिषद नेरचौक में 35, नगर परिषद सरकाघाट में 25, नगर पंचायत रिवालसर में 16 तथा नगर पंचायत करसोग में 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद सुंदरनगर में 16889 मतदाताओं के लिए 20 मतदान केन्द्र, नगर परिषद जोगिन्द्रनगर में 4041 मतदाताओं के लिए 7 मतदान केन्द्र, नगर परिषद नेरचौक में 6859 मतदाताओं के लिए 9 मतदान केन्द्र, नगर परिषद सरकाघाट में 3794 मतदाताओं के लिए 7 मतदान केन्द्र, नगर पंचायत रिवालसर में 923 मतदाताओं के लिए 6 मतदान केन्द्र तथा नगर पंचायत करसोग में 1362 मतदाताओं के लिए 5 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

============================
सभी मतदान दलों ने स्थापित किए पोलिंग बूथ

मंडी, 16 मई। नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के लिए सभी मतदान दलों ने अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर पोलिंग बूथ स्थापित कर दिए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मंडी सदर रूपिन्द्र कौर ने बताया कि वार्ड नंबर 1 से 13 तक कुल 34 पोलिंग पार्टियों को शनिवार सुबह रवाना किया गया था, जिन्होंने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर बूथ स्थापित करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी के 13 वार्डों में कुल 34 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुचारू ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रत्येक मतदान दल में चार मतदान कर्मी तथा दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

रूपिन्द्र कौर ने बताया कि नगर निगम मंडी में कुल 27161 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 13316 पुरुष तथा 13845 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।