शिमला: 09.05.26- हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 11 मई, 2026 को प्रात: 7:00 बजे चण्डीगढ़ से वायु मार्ग द्वारा कर्नाटक, मैसूर के लिए रवाना होंगे। गौरतलब है कि पठानियां लोक सभा अध्यक्ष द्वारा गठित पीठासीन अधिकारियों की समिति के सदस्य हैं जिसमें कुल 6 राज्य विधान मण्डलों के स्पीकर शामिल हैं। 11 मई से 14 मई तक “विधान सभा निकायो के कार्य संचालन और प्रक्रिया, नियमों का एकसमान मॉडल” विषय पर 2 दिनों तक कर्नाटक मैसूर स्थित साईलेंट शोर्ज रिजॉट में मंथन करेंगे। इस मंथन कार्यक्रम में राज्य सभा उप सभापति डॉ0 हरिवंश विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कुलदीप पठानियां को लोक सभा द्वारा गठित पीठासीन अधिकारियों की यह दूसरी उच्च स्तरीय समिति है में शामिल किया गया है जो अपने आप में सम्मान का विषय है। इस उच्च स्तरीय पीठासीन अधिकारी समिति के उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना सभापति हैं जबकि हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां, कर्नाटक विधान सभा अध्यक्ष यू0 टी0 खादर फरीद, दिल्ली विधान सभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, महाराष्ट्र विधान सभा अध्यक्ष राहुल नारवेकर तथा नागालैंड विधान सभा अध्यक्ष शेरिंगेन लोंगकुमेर इसके सदस्य बनाए गए हैं। विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी इस बैठक में भाग लेने विधान सभा अध्यक्ष के साथ मैसूर जा रहे हैं।