चण्डीगढ़, 03.05.26- : पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के नेतृत्व में पंजाब लोक भवन में हिमाचल दिवस,बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में हिमाचल महासभा, चंडीगढ़ को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिसमें संस्था के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह प्रजापति सहित लगभग 135 सदस्यों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान महाराष्ट्र और गुजरात के प्रतिनिधियों सहित सभी उपस्थित अतिथियों ने हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, ईमानदारी और वीरता की जमकर सराहना की। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी हिमाचल प्रदेश की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश का शायद ही कोई नागरिक होगा जो हिमाचल की वादियों में जाना न चाहता हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचल की विविधता की झलक देखने को मिली। कलाकारों ने अपने नृत्य और गीतों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर हिमाचल की किन्नौरी नाटी, महाराष्ट्र की लावणी और गुजरात की डांडिया जैसे लोकनृत्यों ने विशेष आकर्षण बटोरा और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हिमाचल महासभा के पैट्रन सदस्य एवं सेक्टर-32 स्थित सरकारी कॉलेज एवं अस्पताल के सेवानिवृत्त निदेशक एके अत्री ने प्रतिनिधियों को हिमाचल प्रदेश के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह प्रजापति ने गुलाब चंद कटारिया को हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया।