सुपवा की अभिव्यंजना में होगा 2 हजार से अधिक कलाकृतियों का दीदार
- प्रदेश के राज्यपाल एवं सुपवा के चांसलर प्रो असीम कुमार घोष होंगे मुख्यातिथि
रोहतक-2 मई 2026,-दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में वार्षिक कला प्रदर्शनी की शुरुआत आज (रविवार) से हो रही है। यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित फैकल्टी ऑफ डिजाइन की बिल्डिंग में लग रही इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल व यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रोफेसर असीम कुमार घोष करेंगे। कला प्रदर्शनी 'अभिव्यंजना' को लेकर शनिवार को छात्र व फैकल्टी सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देते दिखाई दिए। इस प्रदर्शनी में कला प्रेमियों को एक साथ 2 हजार से अधिक कलाकृतियों को देखने का मौका मिलेगा।
बता दें कि यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स द्वारा हर साल कला प्रदर्शनी आयोजित की जाती है, जिसमें इस डिपार्टमेंट के छात्रों की तरफ से साल भर तैयार की गई अपनी कृतियों को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। इस साल इस वार्षिक प्रदर्शनी के 11वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के अंदर आने वाले पांच अलग-अलग विभागों के छात्र अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के कोऑर्डिनेटर विनय कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शन में एप्लाइड आर्ट, एनीमेशन, पेंटिंग, स्कल्पचर (मूर्तिकला) व प्रिंट मेकिंग का समन्वय देखने को मिलेगा। इसमें अंडर ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन के फर्स्ट ईयर, सेकंड ईयर व फाइनल ईयर में पढ़ने वाले छात्रों की करीब 2000 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। कलाकृतियों में सामाजिक, धार्मिक प्रथाओं, विचारों, कहानियों, कथाओं व भविष्य की सोच के साथ कलाकृति तैयार करने वाले छात्रों के इमोशन देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
*मनोरंजन की भी मिलेगी डोज
यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मिनोचा ने बताया कि कला प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को मनोरंजन की भी डोज मिलेगी। फैकल्टी ऑफ डिजाइन की बिल्डिंग के कोर्ट यार्ड में एक ओपन स्टेज भी बनाया गया है। यह स्टेज शाम को साढ़े 6 बजे से रात 8 बजे तक एक्टिव रहेगी। स्टेज छात्रों के लिए ओपन रहेगा, जिस पर वह अपनी प्रतिभा का मंचन कर सकेंगे। यूनिवर्सिटी के छात्र यहां पर कई तरह की सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे।
*बढ़ रहा है प्रदर्शनी का दायरा
डीएलसी सुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि इस बार कला प्रदर्शनी का 11वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। हर साल इसका दायरा बढ़ रहा है। इस प्रदर्शनी में छात्र अपने विचार व अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करते हैं, इसलिए इस प्रदर्शनी का नाम 'अभिव्यंजना' रखा गया है। प्रदर्शनी में छात्रों की लगन, मेहनत व उनके टेलेंट का अद्भुत समावेश देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि 5 मई से प्रदर्शनी सभी लोगों के लिए खोल दी जाएगी और यह 8 मई तक जारी रहेगी।
========================================
अपने दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए तैयार हो रही सुपवा
- कुलगुरु के साथ एडिशनल एसपी ने तैयारियों व सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
रोहतक2 मई 2026-दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के दूसरे दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शनिवार को यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ अमित आर्य व रोहतक के एडिशनल एसपी आयुष यादव ने तैयारियों व सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। समारोह के दौरान अलग-अलग सत्र में ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट हुए 760 छात्रों को डिग्री दी जाएगी।
डीएलसीसुपवा में 4 मई को दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति व प्रदेश के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष करेंगे। वहीं, प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि रहेंगे। राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष रविवार को ही यूनिवर्सिटी में पहुंच जाएंगे और यहां पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। रविवार रात को यूनिवर्सिटी में ठहरेंगे और सोमवार सुबह दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। आयोजन में किसी तरह की कोई कमी न रह जाए, इसके लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन जरूरी प्रोटोकॉल के हिसाब से तैयारियों को पूरा करने में लगा हुआ है। शनिवार को कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने तैयारियों का पूरा जायजा लिया और तैयारियों में लगे स्टाफ सदस्यों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उनके साथ रोहतक के एडिशनल एसपी आयुष यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर सभी तरह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कुलगुरु के साथ पूरे यूनिवर्सिटी परिसर व आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वीआईपी एंट्री व एग्जिट, उनके ठहरने, पार्किंग व सुरक्षा संबंधित अन्य मुद्दों पर उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ विस्तार से चर्चा की।
114 पोस्ट ग्रेजुएट व 646 ग्रेजुएट छात्रों को मिलेगी डिग्री
यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि यूनिवर्सिटी का पहला दीक्षांत समारोह 2021 में आयोजित हुआ था और उसके बाद अब दूसरा समारोह हो रहा है। ऐसे में इसे लेकर यूनिवर्सिटी प्रबंधन व छात्र उत्साहित हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि आयोजन में किसी तरह की कमी न रह जाए। समारोह के दौरान कुल 760 छात्रों को डिग्री दी जाएंगी। इनमें 114 पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को डिग्री दी जाएगी। उन्होंने बताया कि साल 2018 - 19 बैच के 42 छात्रों के लिए यह एक समारोह एक यादगार लम्हा बनेगा। क्योंकि इस साल 100 दिन के कठिन शूट शेड्यूल के बाद उनकी डिग्री पूरी हो पाई है और उन्हें इस समारोह में डिग्री दी जाएगी। यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि डिग्री पाने वाले छात्रों के लिए वह पल यादगार बनें, इसके लिए जगह-जगह सेल्फी प्वाइंट आदि भी बनाए जा रहे हैं, जहां डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र अपने विचार भी प्रस्तुत कर सकेंगे और इस यादगार लम्हों को अपने मोबाइल के कैमरा में कैद भी कर सकेंगे।