करंडोला प्लासी में 26 को और बटराण में 30 को होगा मतदान
हमीरपुर 02 मई। विकास खंड नादौन की दो ग्राम पंचायतों करंडोला प्लासी और बटराण की मतदान की तिथियों में बदलाव किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बटराण में 26 मई के बजाय अब 30 मई को मतदान होगा। इसी प्रकार, ग्राम पंचायत करंडोला प्लासी में मतदान की तारीख 30 मई के बजाय अब 26 मई को होगी।

=======================================

पंचायत चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

हमीरपुर 02 मई। जिला में पंचायतीराज संस्थाओं की निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से पूर्ण करवाने के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्तियां की हैं।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि आदर्श आचार संहिता की अवधि के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखने, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और मतदान केंद्रों, मतगणना केंद्रों एवं स्ट्रांग रूम्स के आस-पास पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए एसपी हमीरपुर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मीडिया सेल के नोडल अधिकारी एडीसी होंगे और जिला लोक संपर्क अधिकारी सभी तरह की आवश्यक सूचनाओं एवं आदेशों की जानकारी मीडिया के साथ साझा करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं की निगरानी और महत्वपूर्ण सूचनाओं एवं आदेशों के आदान-प्रदान के लिए जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके नोडल अधिकारी उपायुक्त के सहायक आयुक्त होंगे और पंचायतीराज विभाग के जिला ऑडिट ऑफिसर इस कंट्रोल रूम की सभी व्यवस्थाएं देखेंगे।
डाटा अपलोडिंग और सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित अन्य सभी व्यवस्थाओं के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (डीआईओ) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मतदान और मतगणना के लिए नियुक्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने हेतु निर्वाचन विभाग के तहसीलदार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने सभी नोडल अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से पूर्ण किया जा सके।

==============================================

6 मई तक नजदीकी थानों में जमा करवाएं सभी लाइसेंसी हथियार

हमीरपुर 02 मई। शहरी निकायांे एवं पंचायतीराज संस्थाओं की निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने तथा आदर्श आचार संहिता की अवधि के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी हथियार लाइसेंसधारकों को 6 मई तक अपने हथियार गोला-बारूद सहित नजदीकी थाने या जिला मालखाने में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163, आर्म्स एक्ट-1959 और आर्म्स रूल्स-2016 के तहत यह आदेश जारी करते हुए जिलाधीश ने सभी एसडीएम को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने उपमंडलों के लाइसेंसी हथियारों को निर्धारित अवधि के भीतर थानों या मालखाने में जमा करवाने के नोटिस जारी करें।
जिलाधीश की ओर से जारी आदेशानुसार हथियार जमा न करवाने वाले लाइसेंसधारकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 223 और आर्म्स एक्ट-1959 की धारा 17 के तहत कार्रवाई हो सकती है।

================================================
साइंटिफिक असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट की परीक्षाओं के परिणाम घोषित

हमीरपुर 02 मई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने साइंटिफिक असिस्टेंट (कैमिस्ट्री एंड टॉक्सीकोलॉजी) पोस्ट कोड-25015, साइंटिफिक असिस्टेंट (डॉक्यूमेंट एंड फोटोग्राफी) पोस्ट कोड-25016, लैब असिस्टेंट (कैमिस्ट्री एंड टॉक्सीकोलॉजी) पोस्ट कोड-25017 और लैब असिस्टेंट (डॉक्यूमेंट एंड फोटोग्राफी) पोस्ट कोड-25019 के पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्टों के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इन सभी परीक्षाओं के परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन परीक्षाओं में उत्तीर्ण उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 13 मई से सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी फोटो प्रतियों के दो-दो सैट और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
===============================================
हमीरपुर में नीट के 2773 उम्मीदवारों के लिए 5 परीक्षा केंद्र

हमीरपुर 02 मई। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार 3 मई को आयोजित की जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट (यूजी)-2026 के लिए हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के शिक्षण संस्थानों में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ये परीक्षा केंद्र कुल 2773 उम्मीदवारों को आवंटित किए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय मटाहणी में 408 उम्मीदवारों, एनआईटी में 720, नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय अणु में 960, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में 181 और शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकंडरी स्कूल हमीरपुर में 504 उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र होगा।
इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए एनटीए के अलावा जिला प्रशासन की ओर से भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
जिला हमीरपुर के परीक्षा केंद्रों के समन्वयक एवं उपायुक्त हमीरपुर के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने बताया कि हमीरपुर शहर से दूर के परीक्षा केंद्रों जैसे-एनआईटी, एचपीटीयू, डिग्री कालेज और केंद्रीय विद्यालय के लिए बस स्टैंड पर सुबह 9 बजे से एचआरटीसी की बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। परीक्षा की समाप्ति पर शाम 5 बजे इन केंद्रों पर भी एचआरटीसी की बसें उपलब्ध रहेंगी।
=================================================
सुजानपुर में 9 वार्डों के लिए भरे गए कुल 39 पर्चे

सुजानपुर 02 मई। नगर परिषद सुजानपुर के 9 वार्डों के लिए कुल 39 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। एसडीएम एवं नगर परिषद सुजानपुर के निर्वाचन अधिकारी विकास शुक्ला ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन शनिवार को 17 नामांकन पत्र भरे गए।
एसडीएम ने बताया कि वार्ड नंबर-1 के लिए कुल 3 पर्चे भरे गए हैं। वार्ड नंबर-2 के लिए 4, वार्ड नंबर-3 के लिए 5, वार्ड नंबर-4 के लिए 7, वार्ड नंबर-5 के लिए 5, वार्ड नंबर-6 के लिए 4, वार्ड नंबर-7 के लिए 3, वार्ड नंबर-8 के लिए 5 और वार्ड नंबर-9 के लिए 3 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि 4 मई को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच शुरू होगी तथा 6 मई को दोपहर बाद 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न जारी कर दिए जाएंगे।
17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान की समाप्ति के बाद इसी दिन शाम को परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।