CHANDIGARH, 22.04.26-आज रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी, सेक्टर-26 के प्रधान श्री कृष्णलाल ने चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने बताया कि बापूधाम पुलिस चौकी में पुलिस कर्मचारियों की संख्या बहुत कम हो गई है। पहले यहां 32 कर्मचारी तैनात थे, जो अब घटकर केवल 10 रह गए हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। बापूधाम में खुलेआम नशा बेचा जा रहा है तथा चोरी और लड़ाई-झगड़े की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह एक रिहायशी इलाका होने के बावजूद कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में पुलिस चौकी एक सामुदायिक भवन में चल रही है, जहां आधी जगह लोगों के कार्यक्रमों के लिए और आधी पुलिस चौकी के लिए उपयोग में ली जा रही है। जगह कम होने के कारण लोगों को शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम करने में कठिनाई होती है और पुलिस कर्मचारियों को भी दिक्कत आती है। प्रशासन द्वारा पुलिस चौकी के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक उसका निर्माण नहीं किया गया है।

इस पर प्रशासक ने तुरंत ही चंडीगढ़ की एसएसपी कवरजीत कौर को फोन कर पुलिस चौकी में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए तथा पुलिस चौकी के लिए आवंटित स्थान की फाइल उन्हें भेजने को कहा गया। साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस चौकी के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करवा कर निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि कॉलोनी के मकानों की किस्तें और किराया जमा करने में लोगों को परेशानी हो रही है। कुछ भुगतान संपर्क केंद्र में होते हैं, जबकि कुछ के लिए कर्मचारी महीने में केवल 1-2 बार ही आते हैं, जिससे लोग समय पर भुगतान नहीं कर पाते और उन्हें जुर्माना देना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि सभी मकानों की किस्तें और किराया संपर्क केंद्र में ही नियमित रूप से जमा करवाने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने यह भी मांग रखी कि जिन वेंडरों का सर्वे ग्रीन मार्केट और बापूधाम में किया गया है, उनके लिए वेंडर क्षेत्र भी इन्हीं स्थानों पर बनाया जाए, ताकि उनका काम प्रभावित न हो।

कृष्णलाल ने यह भी आग्रह किया कि अगला समस्या समाधान शिविर बापूधाम में आयोजित किया जाए, जिससे लोग अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकें।

प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मई महीने में बापूधाम कॉलोनी में अगला समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और हल किया जाएगा।

अंत में श्री कृष्णलाल ने प्रशासन द्वारा उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनने और कार्यवाही करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।