शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विभागीय एवं वित्तीय नियमों की प्रभावी अनुपालना को लेकर बैठक आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापकों की भूमिका महत्वपूर्ण–उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, अप्रैल 22-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विभिन्न विभागीय एवं वित्तीय नियमों की प्रभावी अनुपालना को लेकर पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा (सीबीएसई) में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में चंबा ज़िले के 9 शिक्षा खंडों से लगभग 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, केंद्रीय मुख्य शिक्षक तथा मुख्य शिक्षक शामिल रहे।
उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों तथा शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं शिक्षक विभिन्न विभागीय तथा वित्तीय नियमों की पूर्ण जानकारी रखें और उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी अनुपालन सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुकेश रेपसवाल ने कार्यालय अभिलेखों के सही रखरखाव एवं वित्तीय लेन-देन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साथ में अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति जवाबदेही तय करने को भी निर्देशित किया।
उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारियों तथा शिक्षकों के निरंतर प्रयास, समर्पण और सकारात्मक सोच से आगामी शैक्षणिक सत्र में शिक्षा का स्तर तथा विद्यार्थियों के परिणाम में उल्लेखनीय प्रगति होगी ।
बैठक के दौरान अनुभाग अधिकारी वित्त
नवीन ठाकुर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न वित्तीय नियमों की जानकारी साझा की।
उपायुक्त का इससे पहले उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने स्वागत करते हुए ज़िला में विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
=======================================
आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के लिए निगरानी प्रकोष्ठ गठित
चम्बा, 22 अप्रैल -अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने ज़िले के शहरी क्षेत्रों में जारी आदर्श आचार संहिता की प्रभावी अनुपालना को लेकर सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में शिकायत निगरानी प्रकोष्ठ गठन के आदेश जारी किए हैं।
शिकायत निगरानी प्रकोष्ठ आदर्श आचार संहिता से संबंधित आम जनता की शंकाओं-शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कार्य करेगा। निगरानी प्रकोष्ठ उपायुक्त कार्यालय में संचालित किया गया है।
जनसाधारण अपनी शिकायतें ईमेल एसी2डीसी-सीएचए-एचपी एट द रेट ऑफ़ एनआईसी डॉट इन
मोबाइल नंबर 6230425003, 98166-98166 (व्हाट्सएप)
के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर भी संपर्क किया जा सकता है।