जिला बिलासपुर के 4 नगर निकायों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू
बिलासपुर, 22 अप्रैल: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्थानीय नगर निकाय चुनाव 2026 के दृष्टिगत आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है। इसके अंतर्गत जिला बिलासपुर की नगर परिषद बिलासपुर, घुमारवीं व श्री नैना देवी जी तथा नगर पंचायत तलाई में चुनाव प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी चार नगर निकायों में कुल 34 वार्डों में 34 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 16,782 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 8,400 पुरुष, 8,381 महिला तथा 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। उन्होंने बताया कि विशेष पुनरीक्षण के उपरांत कुल 12 नए मतदाता भी जोड़े गए हैं।
राहुल कुमार ने कहा कि नगर परिषद बिलासपुर में कुल 11 वार्डों में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,548 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 4705 पुरूष, 4843 महिला तथा एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। नगर परिषद घुमारवीं में कुल 9 वार्डों में 9 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें कुल 4,793 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 2443 पुरूष तथा 2350 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी तरह नगर परिषद श्री नैना देवी जी में कुल 7 वार्डों में 7 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 689 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 368 पुरुष तथा 321 महिला मतदाता शामिल हैं। जबकि नगर पंचायत तलाई में कुल 7 वार्डों में 7 मतदान केंद्र स्थापित किये गए हैं जहां कुल 1,752 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 884 पुरूष तथा 867 महिला मतदाता शामिल हैं अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के सभी मानक संचालन प्रक्रिया को पूरी तरह लागू किया जाएगा और सभी स्थानीय नगर निकायों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के पश्चात इन सभी शहरी निकाय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की नई विकासात्मक घोषणाएं, शिलान्यास, लोकार्पण अथवा सरकारी संसाधनों का चुनावी लाभ के लिए उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों को आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित बनाई जाएगी।
========================================
लंबित एलपीजी गैस उपभोक्ता जल्द करवाएं ई-केवाईसी, गैस सिलेंडर लेने में आ सकती है परेशानी
बिलासपुर 22 अप्रैल: जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, बिलासपुर बृजेंद्र पठानिया ने जिला के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को सूचित करते हुए बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी सक्रिय गैस कनेक्शनों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन कनेक्शनों का ई-केवाईसी पूर्ण नहीं होगा, उन्हें निर्धारित समय सीमा के बाद बुकिंग/रिफिल के लिए ब्लॉक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला में कुल 1 लाख 30 हजार 149 घरेलू गैस कनेक्शन सक्रिय हैं, जिनमें से 79 हजार 284 कनेक्शनों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, जबकि 50 हजार 865 कनेक्शनों का ई-केवाईसी लंबित है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है, वह सब्सिडी के निलंबन तथा एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा से बचने के लिए तुरंत अपनी संबंधित गैस एजेंसी/वितरक से संपर्क कर अपना ई-केवाईसी पूर्ण करवाएं।
उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी के लिए एलपीजी गैस कनेक्शन धारक का आधार कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा एलपीजी उपभोक्ता संख्या/गैस पासबुक आवश्यक है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वह एलपीजी गैस आपूर्ति में किसी भी असुविधा से बचने के लिए शीघ्र ई-केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें।
===========================================
जिला में नगर निकायों के वार्ड सदस्यों की चुनाव प्रक्रिया घोषित, 29, 30 अप्रैल तथा 2 मई को होगा नामांकन
4 मई को होगी नामांकन पत्रों की जांच, 6 मई को वापिस लिए जा सकेंगे नाम तथा 17 मई को होगा मतदान
बिलासपुर 22 अप्रैल: राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के शहरी निकायों के वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए चुनाव प्रक्रिया को घोषित कर दिया गया है। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत जिला बिलासपुर के 4 नगर निकायों, जिनमें 3 नगर परिषद तथा 1 नगर पंचायत शामिल है, के वार्डों के लिए चुनावी प्रक्रिया निर्धारित कर दी गई है।
इस बारे जानकारी देते हुए सम्बन्धित नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत जिला बिलासपुर के चारों नगर निकायों के वार्डों के लिए इच्छुक उम्मीदवार 29 और 30 अप्रैल तथा 2 मई को प्रातः 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते है। उन्होंने बताया कि 4 मई को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी जबकि इच्छुक उम्मीदवार 6 मई को सायं 3 बजे तक अपना नाम वापिस ले सकेंगे। इसके उपरांत सभी योग्य उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 मई प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक मतदान करवाया जाएगा।
स्थानीय नगर निकाय चुनाव के लिए नगर परिषद बिलासपुर के लिए कुल 11, घुमारवीं के लिए 9 तथा श्री नैना देवी जी के लिए 7 वार्ड जबकि नगर पंचायत तलाई के लिए भी कुल 7 वार्ड निर्धारित किए गए है, जिनके लिए यह मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करवाई जाएगी।