राजेश धर्माणी करेंगे 27वीं राज्य स्तरीय अंतर-बहुतकनीकी महाविद्यालय प्रतियोगिता का शुभारंभ

हमीरपुर 02 अप्रैल। बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से 9 अप्रैल तक बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित की जाएगी।

नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे इस प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।
राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 17 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 650 विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

=================================

कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ पर निकलेगी एकजुटता रैली, मॉक ड्रिल भी होगी
हमीरपुर 02 अप्रैल। वर्ष 1905 में कांगड़ा घाटी में आए विनाशकारी भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर शनिवार को जिला हमीरपुर में भी जागरुकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

एसडीएम संजीत सिंह ने वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके इस जागरुकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल 1905 को कांगड़ा घाटी में बहुत ही विनाशकारी भूकंप आया था। इसे भारत के इतिहास में सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना जाता है। इसमें लगभग 20,000 लोगों की जान चली गई थी और एक लाख से अधिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए थे। भविष्य में इस तरह की आपदा की स्थिति में जान-माल के नुक्सान को कम करने तथा ऐसी आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम देेने के लिए ही कांगड़ा घाटी की भूकंप त्रासदी की वर्षगांठ पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस बार भी 4 अप्रैल को सुबह साढे नौ बजे उपायुक्त कार्यालय परिसर से एक सॉलीडैरिटी मार्च (एकजुटता रैली) निकाला जाएगा तथा मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाएगी। इस मॉक ड्रिल में भूकंप से क्षतिग्रस्त हुए भवनों में फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास किया जाएगा। एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों से इस मॉक ड्रिल एवं रैली में भाग लेने की अपील की है।

===========================================

सुजानपुर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 10 को
हमीरपुर 02 अप्रैल। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 या कंपनी के मोबाइल नंबर 85580-62252 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।

===========================

कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम
4 अप्रैल को मनाया जाएगा आपदा जागरूकता दिवस

धर्मशाला, 2 अप्रैल: जिला प्रशासन कांगड़ा द्वारा 4 अप्रैल 2026 को 1905 के कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपदा जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय धर्मशाला में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य आम जनता को आपदा प्रबंधन एवं भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
यह जानकारी देते हुए एडीएम शिल्पी बेक्टा ने बताया कि इस क्रम में 4 अप्रैल को प्रातः 10ः30 बजे उपायुक्त कार्यालय परिसर से पुलिस ग्राउंड धर्मशाला तक सिटीजन साॅलिडेरिटी मार्च (आपदा जागरूकता रैली) का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएंगी।
उन्होंने आम जनता से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि आपदा के समय सही जानकारी और तैयारी के माध्यम से जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

===========================================

07 अप्रैल को धर्मशाला में रेडक्रॉस मेले के दौरान लगेगा आयुष्मान आरोग्य शिविर: सीएमओ
धर्मशाला, 2 अप्रैल: धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में 07 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले रेडक्रॉस मेले के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य आम जनमानस को निःशुल्क बुनियादी स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक करोल ने शिविर बारे जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिनमें ब्लड प्रेशर जांच, ब्लड शुगर टेस्ट, हीमोग्लोबिन जांच तथा छाती का एक्स-रे शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए विभिन्न हेल्थ ऑफिसर की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की गई है कि वे शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

=================================
11 केवी दाड़ी फीडर में 04 अप्रैल को बिजली बंद
धर्मशाला, 02 अप्रैल: विद्युत उपमंडल नम्बर-2 धर्मशाला के सहायक अभियन्ता रमेश चंद ने जानकारी दी कि 04 अप्रैल, 2026 को 11 केवी दाड़ी फीडर के तहत आने वाले स्थान शीला चैक, पासु, भतेड़, अचीवर हब स्कूल और दाड़ी विद्युत अनुभाग के अंतर्गत आने वाले अन्य क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम खराब होने पर ये कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने सर्वसाधारण जनता से बिजली विभाग को सहयोग करने की अपील भी की है।
=================================
सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों से 14 पदों पर आवेदन आमंत्रित
09 अप्रैल 2026 तक कर सकते हैं आवेदन

धर्मशाला, 2 अप्रैल: सेटलमेंट आॅफिसर, कांगड़ा डिवीजन, धर्मशाला ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों के पुनर्नियोजन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह नियुक्तियां नायब तहसीलदार एवं पटवारी के रिक्त पदों को भरने के लिए अस्थायी आधार पर की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार के 08 तथा पटवारी के 06 पदों पर पुनर्नियोजन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को क्रमशः 60 हजार एवं 40 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। आवेदन केवल हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त उन अधिकारियों से आमंत्रित हैं जिन्होंने न्यूनतम 5 वर्ष की सेवा पूर्ण की हो तथा जिनके विरुद्ध कोई विभागीय जांच लंबित न हो। अभ्यर्थी की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र आवश्यक प्रमाणपत्रों सहित कार्यालय सेटलमेंट आॅफिसर, कांगड़ा डिवीजन, धर्मशाला में 09 अप्रैल 2026 तक जमा कर सकते हैं। पुनर्नियोजन प्रारंभिक रूप से 3 माह की अवधि के लिए किया जाएगा, जिसे कार्य प्रदर्शन एवं आवश्यकता के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा किसी भी समय समाप्त की जा सकती है। चयनित अभ्यर्थियों को सीमित अवकाश, चिकित्सा सुविधाएं एवं आवश्यकतानुसार टीए डीए की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
==============================
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई को
धर्मशाला, 02 अप्रैल। जिला व सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चिराग भानू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों व अधीनस्थ न्यायालयों में 9 मई, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।
लोक अदालत में बैंक से संबंधित, श्रम विवाद, बिजली व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, चैक बाऊसिंग, पूर्व मुकदमेबाजी व लंबित मामले सुने जाएँगे। यदि कोई व्यक्ति मुकदमे से पहले सम्बंधित व्यक्ति या विभाग से समझौता करने का इच्छुक है तो वह सम्बंधित कोर्ट में आवेदन कर सकता है।
अतिरिक्त जानकारी के लिए कोई भी व्यक्ति विधिक सेवांए प्राधिकरण के दूरभाश नंबर 0189 222370, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति धर्मषाला के दूरभाष नंबर 01892 222018, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति कांगड़ा के दूरभाष नंबर 01892 264808 उपमंडलीय विधिक सेवा समिति देहरा के दूरभाष नंबर 01970-233599 उपमंडलीय विधिक सेवा समिति पालमपुर के दूरभाष नंबर 01894-231614, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति नूरपुर के दूरभाष नंबर 01893 220770, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति बैजनाथ के दूरभाष नंबर 01894-2624771 उपमंडलीय विधिक सेवा समिति ज्वाली के दूरभाष नंबर 01893-264307 और उपमंडलीय विधिक सेवा समिति इंदौरा के दूरभाष नंबर 01893-241210 पर सम्पर्क कर सकता है।
उन्होंने बताया कि अगर कोई व्यक्ति अपनी समस्या आॅनलाइन भेजना चाहता है तो वह राष्ट्रीय विधिक सेवांए प्राधिकरण न्यू दिल्ली की वेबसाइट पर जाकर आॅनलाइन आवेदन कर सकता है या हेल्पलाईन के टोल फ्री नंबर 15100 पर काॅल कर सकता है।
=============================
*अग्निवीर सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अप्रैल तक बढ़ी*

ऊना, 2 अप्रैल। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर ने जानकारी दी कि अग्निवीर भर्ती योजना के तहत विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 10 अप्रैल कर दी गई है। इससे पहले यह तिथि 1 अप्रैल निर्धारित थी, जबकि आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से प्रारंभ हुई थी।

उन्होंने बताया कि इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) तथा अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस के पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

निदेशक ने कहा कि योग्य और इच्छुक उम्मीदवार अब 10 अप्रैल तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण कर सकते हैं।

===========================================

**नगर निगम ऊना में परिवार रजिस्टर अद्यतन हेतु विशेष सुविधा 20 अप्रैल तक रहेगी उपलब्ध **

ऊना, 2 अप्रैल। नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने जानकारी दी है कि निगम क्षेत्र के समस्त स्थायी निवासियों के लिए नगर निगम द्वारा परिवार रजिस्टर को अद्यतन करने की विशेष प्रक्रिया प्रारंभ की है। परिवार रजिस्टर में पंजीकरण, सत्यापन एवं संशोधन के लिए यह विशेष सुविधा 20 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी।

मनोज कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र के अंतर्गत संपूर्ण परिवार रजिस्टर तैयार कर लिया गया है। ऐसे में वे सभी नागरिक, जिन्होंने अब तक परिवार सर्वे में पंजीकरण नहीं करवाया है अथवा जिनके परिवार विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे अपने आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र साथ लेकर नगर निगम कार्यालय में जाकर अपना पंजीकरण या संशोधन करवा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक असुविधा से बचने हेतु सभी पात्र परिवार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने परिवार रजिस्टर को अद्यतन अवश्य करवा लें। साथ ही, वे परिवार जिनके सदस्य अब इस क्षेत्र में निवास नहीं कर रहे हैं, वे भी अपने नाम का उचित स्थानांतरण/अद्यतन सुनिश्चित करें।

उन्होंने नगर निगम ऊना के नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का समय रहते लाभ उठाएँ तथा अपने परिवार से संबंधित संपूर्ण विवरण का सही एवं अद्यतन प्रमाणीकरण अनिवार्य रूप से पूरा करें।