हमीरपुर में केमिस्ट, माइक्रो बायोलॉजिस्ट और आपरेटर के साक्षात्कार 23 को
हमीरपुर 18 मार्च। नालागढ़ की प्रसिद्ध कंपनी आरके लैबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड में ट्रेनी कैमिस्ट और ट्रेनी माइक्रो बायोलॉजिस्ट के 4-4 पद और ट्रेनी आपरेटर के 6 पद भरे जाएंगे।
इन पदों के लिए 23 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि ट्रेनी केमिस्ट के पदों के लिए केमिस्ट्री में बीएससी या एमएससी, डी फार्मा या बी फार्मा, एम फार्मा पास महिला-पुरुष उम्मीदवार पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार से 25 हजार रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा।
ट्रेनी माइक्रो बायोलॉजिस्ट के लिए महिला एवं पुरुष उम्मीदवार माइक्रो बायोलॉजी में एमएससी या बायोटेक्नोलॉजी में बीएससी अथवा बीटेक होने चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 16 हजार से 30 हजार रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा।
ट्रेनी आपरेटर के पदों के लिए पुरुष उम्मीदवार मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमाधारक होना चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 13 हजार से 22 हजार रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा।
इन सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तक रखी गई है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदक जिसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो वह भी हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र और मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दूरभाष नंबर 01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते है।
======================================
अंग्रेजी शिक्षकों की परीक्षा 3 अप्रैल को
हमीरपुर 18 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने अंग्रेजी शिक्षकों पोस्ट कोड-26002 की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथि घोषित कर दी है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि यह परीक्षा 3 अप्रैल को होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आयोग के दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===========================================
अब नर्सों के 508 पद भरे जाएंगे
हमीरपुर 18 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के माध्यम से भरे जा रहे सहायक स्टाफ नर्स (एलोपैथी) के पदों की संख्या में 118 की बढ़ोतरी की गई है। अब आयोग सहायक स्टाफ नर्स (एलोपैथी) के कुल 508 पदों पर भर्ती करेगा।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि 10 फरवरी को जारी आयोग के विज्ञापन में पोस्ट कोड-26004 के तहत सहायक स्टाफ नर्स (एलोपैथी) के 390 पद विज्ञापित किए गए थे। लेकिन, अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय से 118 और पदों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसलिए, अब इन पदों की संख्या बढ़कर 508 हो गई है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के अन्य नियम और शर्तेंं यथावत रहेंगी।
==========================================
हमीरपुर में 20 को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट स्थगित
हमीरपुर 18 मार्च। एसडीएम कार्यालय हमीरपुर के अंतर्गत 20 मार्च को एनआईटी के निकट खसग्रां में प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि प्रशासनिक कारणों से इन्हें स्थगित करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग टेस्ट की नई तिथि जल्द ही निर्धारित कर दी जाएगी।
=====================================================
नवोदय प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर 18 मार्च। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। विद्यालय के प्राचार्य विक्रम कुमार ने बताया कि परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की प्रोविजनल सूची तैयार कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि कक्षा छठी में प्रवेश की प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से ही पूर्ण की जाएगी, जिसके लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
===================================================
जिला परिषद वार्डों के परिसीमन में पुनः आंशिक संशोधन पर आपत्तियां आमंत्रित
हमीरपुर 18 मार्च। जिला की कुछ पंचायतों के पुनर्गठन के कारण अब जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के परिसीमन में पुनः आंशिक संशोधन किया जा रहा है। आंशिक रूप से पुनः संशोधित परिसीमन का प्रारूप 17 मार्च को प्रकाशित कर दिया गया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने इस पुनः संशोधित प्रारूप के प्रकाशन की अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि अगर किसी व्यक्ति को इस संशोधित परिसीमन के संबंध में कोई आपत्ति है या फिर वह अपना कोई सुझाव देना चाहता है तो वह इन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के कार्यालय में प्रारूप के प्रकाशन की तिथि से तीन दिन के भीतर दर्ज करवा सकता है। इसके बाद कोई भी आपत्ति या सुझाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
=============================
प्रभारी अधिकारियों ने समझी जनगणना-2027 की डिजिटल प्रक्रियाएं
जनगणना निदेशालय हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित की गई तीन दिवसीय कार्यशाला
हमीरपुर 18 मार्च। जिला हमीरपुर में जनगणना-2027 के चार्ज अधिकारियों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत करवाने के लिए यहां हमीर भवन में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला बुधवार को संपन्न हो गई। जनगणना निदेशालय हिमाचल प्रदेश की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में जनगणना चार्ज अधिकारी यानि सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नगर निगम हमीरपुर एवं अन्य शहरी निकायों के शीर्ष अधिकारियों तथा उनके अधीनस्थ कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के अंतिम दिन भी जनगणना निदेशालय हिमाचल प्रदेश के सहायक निदेशक प्रियांशु तिवारी, नोडल अधिकारी अजय सोलंकी और हिमांशु यादव ने अधिकारियों को जनगणना-2027 की तीनों मुख्य डिजिटल प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा इनका अभ्यास करवाया।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के तहत जिला स्तर पर उपायुक्त को प्रधान जनगणना अधिकारी और एडीसी को जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। उपमंडल, तहसील, उपतहसील, नगर निगम एवं अन्य शहरी निकायों के स्तर पर भी जनगणना चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत की यह 16वीं जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी तथा इसके लिए तीन डिजिटल प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं। लोग स्वयं भी सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल यानि स्व-प्रगणना पोर्टल पर ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। मोबाइल आधारित डाटा संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप एंड जियो टैगिंग की सुविधा प्रदान की गई है। यह ऐप ऑफलाइन मोड में भी काम करेगा और हाउस लिस्टिंग के लिए जियो-टैगिंग की सुविधा प्रदान करेगा। इसके अलावा सीएमएमएस (जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली) पोर्टल पर अधिकारी हर समय जनगणना की प्रगति पर नजर रख सकेंगे।
जिला हमीरपुर में भी जनगणना की प्रक्रिया मुख्यतः दो चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में इस वर्ष 12 मई से 11 जून तक सभी मकानों एवं अन्य भवनों की लिस्टिंग की जाएगी। मकानों की लिस्टिंग की जानकारी स्वयं भरने के लिए 27 अप्रैल से 11 मई तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिला में दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या गणना के तहत हर व्यक्ति से जुड़े सामाजिक और आर्थिक आंकड़े जुटाए जाएंगे।
जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित 30 प्रश्नों के अंतर्गत कुल 34 जानकारियां अपलोड होंगी। अगर कोई व्यक्ति स्वयं ये जानकारियां अपलोड करता है तो इसमें संबंधित प्रगणक की पुष्टि अनिवार्य होगी।
================================
लिस लाइन चंबा में 6 अप्रैल को होगी नाकारा वस्तुओं की नीलामी
चंबा, 18 मार्च-पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नाकारा घोषित वस्तुओं की सार्वजनिक नीलामी 6 अप्रैल को प्रातः 11 बजे पुलिस लाइन चंबा में होगी। इच्छुक बोलीदाता नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
विभागीय प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक बोलीदाता नाकारा घोषित वस्तुओं को किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक पुलिस लाइन में अवलोकन कर सकता हैं।
नीलामी की शर्तों के अनुसार प्रत्येक बोलीदाता को बोली में भाग लेने से पूर्व 5000 रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी होगी। नीलामी समाप्ति पर सफल बोलीदाता की धरोहर राशि कुल बोली धनराशि में समायोजित कर दी जाएगी, जबकि असफल बोलीदाताओं को उनकी धरोहर राशि उसी दिन वापस कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सफल बोलीदाता को नीलामी तिथि से 24 घंटे के भीतर पूर्ण राशि जमा कर संबंधित वस्तुएं उठानी होंगी नीलामी प्रकिया प्रारंभ होने से पहले एक घंटा पूर्व भी नकारा वस्तुओं का अवलोकन किया जा सकता है।
समिति अध्यक्ष को किसी भी बोली को बिना कारण बताए रद्द करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।
================================================
केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो टीम ने किया स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यों की प्रगति की सराहना की
केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो (सीबीएचआई) की उप-निदेशक दीक्षा सचदेवा की अध्यक्षता में 16 मार्च से 18 मार्च, 2026 तक सोलन के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने दी।
दीक्षा सचदेवा ने कहा कि सीबीएचआई टीम का कार्य देश में स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को एकत्रित करना, उनका विश्लेषण करना और नीति निर्धारण के लिए जानकारी एकत्र करना है।
उन्होंने कहा कि तीन स्तरीय टीम द्वारा यह निरीक्षण जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में किया गया। टीम द्वारा 16 मार्च को महर्षि मारकंडेश्वर विश्वविद्यालय, कुमारहट्टी में आईसीडी पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन भी करवाया गया। इस कार्यशाला में 150 चिकित्सकों ने भाग लिया। 17 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवठी तथा क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का निरीक्षण किया गया। 18 मार्च को नागरिक अस्पताल नालागढ़ तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर का निरीक्षण किया गया। तदोपरान्त 18 मार्च को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन कार्यालय में मासिक प्रगति समीक्षा बैठक का भी निरीक्षण किया गया।
उन्होंने जिला सोलन के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के निरीक्षण के उपरान्त जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यों की प्रगति की सराहना की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए।
सीबीएचआई टीम में सांख्यिकी अधिकारी शेष कुमार मौर्य, कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी अभिषेक सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।