शाहपुर, 2 मार्च-आज शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नागरिक अस्पताल शाहपुर के परिसर में हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा संचालित सस्ती दवाइयों की दुकान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शाहपुर वासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। अब क्षेत्र के लोगों को दिन-रात सस्ती दवाइयां उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि यहां दवाइयां बाजार मूल्य से 10 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक कम दरों पर मिलेंगी, जिससे आम जनता, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा मरीजों को बाहर से दवाइयां या टेस्ट न लिखे जाएं, ताकि किसी भी गरीब व्यक्ति को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

इस मौके पर हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष विशाल चम्बियाल ने कहा कि स्थानीय विधायक के सतत प्रयासों और मेहनत के कारण ही आज शाहपुर में यह सस्ती दवाइयों की दुकान शुरू हो पाई है, जिससे क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार के गठन के बाद निगम की जिला कांगड़ा में यह पहली सस्ती दवाइयों की दुकान है।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, ओएसडी आयुर्वेद डॉ. सुनीत, डीएम राज्य नागरिक आपूर्ति निगम विजन शर्मा, एरिया मैनेजर जागीर सिंह, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विकास सूद, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत राणा, महासचिव प्रदीप बलौरिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, ओंकार राणा, नीना ठाकुर, रीना पठानिया, पुष्पा जरयाल, राजीव पटियाल, नागरिक अस्पताल के चिकित्सक, स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।