धर्मपुर में राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष ने की योजनाओं की समीक्षा
पीएमएमवीवाई और एसएनपी के क्रियान्वयन पर दिए आवश्यक निर्देश

धर्मपुर(मंडी), 22 फरवरी। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ एस.पी. कत्याल ने शनिवार को धर्मपुर उपमंडल कार्यालय में आयोजित बैठक में बाल विकास परियोजना धर्मपुर के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन प्रोग्राम (एसएनपी) तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में अध्यक्ष ने बाल विकास परियोजना अधिकारी के माध्यम से सभी पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन का समुचित भंडारण और समय पर वितरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही निर्देश दिए कि लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप हॅाट कुक्ड मील उपलब्ध कराया जाए।

अध्यक्ष ने हिमफेड तथा सिविल सप्लाई विभाग के माध्यम से आईसीडीएस परियोजनाओं के लिए राशन आपूर्ति में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाओं को समय पर और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सिविल सप्लाई के भंडारण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए राशन की गुणवत्ता और रख-रखाव की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जहां सरकारी गोदाम उपलब्ध नहीं हैं, वहां उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजे जाएं, ताकि भविष्य में भंडारण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मपुर जोगिंदर पटयाल, बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर बालम राम तथा सिविल सप्लाई विभाग के निरीक्षक देश राज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

===========================================

24 फरवरी को 100 फील्ड सर्वेयर पदों के लिए साक्षात्कार, 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन

मंडी, 22 फरवरी। जिला रोजगार अधिकारी मंडी अक्षय कुमार ने जानकारी दी है कि जियोमैटिक्स साइंटिफिक टेक्नोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड सर्वेयर के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 24 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय, मंडी में आयोजित किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा तथा आवास सुविधा भी कंपनी की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं के साथ आईटीआई इलेक्ट्रिकल निर्धारित की गई है। एंड्रॉयड फोन, वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो पहिया वाहन रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा रोजगार पंजीकरण पत्र सहित निर्धारित तिथि को जिला रोजगार कार्यालय, मंडी में उपस्थित हो सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार हेतु किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।