चण्डीगढ़, 17.02.26-: बीआर जैन एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट के तत्वावधान में रानी लक्ष्मीबाई भवन में बीआर जैन मॉडल स्कूल का वार्षिक समारोह ‘रचयिता’ आयोजित किया गया। समारोह ने न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि शिक्षा के समग्र दृष्टिकोण, संस्कार, संस्कृति और सामाजिक चेतना को भी प्रभावशाली रूप से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अजय जैन, को-डायरेक्टर अतिश्य जैन, प्रिंसिपल डॉ. इंदु वर्मा उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी, जितेंद्र पाल मल्होत्रा, सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह तथा कैलाश चंद जैन ने शिरकत की। सभी विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने ‘माता-पिता का आदर’, ‘देशभक्ति’, ‘फास्ट फूड से दूरी’, ‘अनेकता में एकता’, ‘स्वच्छता अभियान’ तथा ‘महाशिवरात्रि’ जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों में संदेश, संवेदना और सृजनात्मकता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिसने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यार्थियों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी ने विद्यालय परिवार की सामूहिक ऊर्जा और सहयोगी संस्कृति को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं, बल्कि मूल्यनिष्ठ, जागरूक और उत्तरदायी नागरिक निर्माण की सतत प्रक्रिया है।
‘रचयिता’ के माध्यम से विद्यालय ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि सृजनात्मकता, संस्कार और सामाजिक प्रतिबद्धता इन्हीं तीन स्तंभों पर भविष्य का सशक्त भारत निर्मित होगा।