चण्डीगढ़, 24.11.26- : जीएमएस, मॉडल स्कूल, सेक्टर 28-डी में आज लिटरेचर फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. अनीश गर्ग मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

डॉ. गर्ग ने कविता लेखन एवं साहित्य सृजन पर आयोजित कार्यशाला में अपने अनुभवों के आधार पर विद्यार्थियों को कविता और कहानी लिखने की बारीकियां सिखाईं। उन्होंने बच्चों को बताया कि अच्छी रचना केवल शब्दों का खेल नहीं, बल्कि भाव, अनुभव और अभिव्यक्ति का सुंदर समन्वय है।

आयोजन समिति के सदस्य अध्यापक पी. के. राव ने कहा कि डॉ. अनीश गर्ग ने अत्यंत प्रभावी और रोचक ढंग से बच्चों को वाक्य विन्यास, लयबद्धता और तुकांत का अभ्यास कराया। बच्चों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और मौके पर ही छोटी-छोटी कविताएं भी लिखीं।

इस अवसर पर डॉ. गर्ग ने बताया कि चंडीगढ़ साहित्य अकादमी (सीएसए)में बाल पुरस्कार शुरू किया गया है, जिसमें चंडीगढ़ के बच्चों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. मनमोहन सिंह के मार्गदर्शन में स्कूलों में ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से शहर में साहित्य का वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ सके।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने डॉ. अनीश गर्ग का आभार व्यक्त किया।