चंडीगढ़, 22 नवम्बर। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि बीजेपी बड़े-बड़े झूठे वादे करके सत्ता में तो आ जाती है, लेकिन धरातल पर जनता को राहत देने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार आज गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में महज चवन्नी जैसी बढ़ोतरी करके किसानों के साथ भद्दा मजाक कर रही है। दिग्विजय ने सवाल किया कि सरकार बताए कि वह कौन-सी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है? किसानों को वादों की बजाय वास्तविक राहत और उनकी फसलों का उचित मूल्य देना चाहिए। वे रविवार को महेंद्रगढ़ जिले के दौरे के दौरान ग्रामीणों से रूबरू थे।

दिग्विजय चौटाला ने अहीरवाल की ऐतिहासिक राजनीतिक भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि यह वीरों और स्वाभिमानी लोगों की धरती है, जिसने समय-समय पर देश और प्रदेश को नई दिशा देना का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने इसी क्षेत्र से ट्रैक्टर यात्रा की शुरुआत की थी और डॉ. अजय सिंह चौटाला ने ऐतिहासिक पदयात्रा की शुरुआत भी इसी जिले से की थी। उस समय अहीरवाल के बहादुर लोगों ने चौटाला परिवार और पार्टी को भरपूर प्यार, समर्थन और ताकत दी थी। आज जननायक जनता पार्टी उसी विश्वास और रिश्ते को मजबूत करने के लिए जनता के बीच पहुंच रही है। दिग्विजय ने कहा कि 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाली जेजेपी की जन-जन अधिकार रैली के माध्यम अहीरवाल के राजनीतिक जोश और जनता के अधिकारों की आवाज को बुलंद किया जाएगा।