धर्मशाला, 29 सितंबर: इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान भारी वर्षा, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) ने मंगलवार को धर्मशाला में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। दल ने धर्मशाला के समीप सुधेड़ तथा धर्मशाला-मैक्लोडगंज मार्ग पर स्थित खड़ा डंडा रोड पर पहुंचकर सड़कों एवं अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का जायजा लिया।
सुधेड़ पहुंचने पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने केंद्रीय दल के सदस्यों को मानसून के दौरान क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़क तथा सड़क के आसपास हुए नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण विभिन्न स्थानों पर सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है।
केंद्रीय दल के नेतृत्व कर रहे गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु ने संबंधित अधिकारियों से सड़क को हुए नुकसान की प्रकृति, प्रभावित हिस्सों, मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान के आकलन तथा किए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों से संबंधित विवरण भी जाना।
इससे पूर्व केंद्रीय दल ने धर्मशाला स्थित एचपीसीए स्टेडियम का भी दौरा किया। इसके बाद केंद्रीय दल ने मैक्लोडगंज पहुंचकर तिब्बती धर्मगुरु महामहिम दलाई लामा से अनौपचारिक भेंट की। इस दौरान दल के सदस्यों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इसके उपरांत केन्द्रीय दल कुल्लु जिला के दौरे पर रवाना हो गया।
इस अवसर पर केंद्रीय दल के सदस्य एवं जल शक्ति विभाग के निदेशक प्रकाश चंद, ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक रामावतार मीणा, रिमोट सेंसिंग सेंटर, इसरो, हैदराबाद के वैज्ञानिक डाॅ. श्री शशिवर्धन रेड्डी सहित एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।