सिलाई, ब्यूटी पार्लर और कुकिंग जैसे रोजगारपरक कोर्स युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं - बजरंग गर्ग

व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने उत्तम नगर गुरुद्वारा में निःशुल्क सिलाई, ब्यूटी पार्लर व कुकिंग प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया

समाज की संस्थाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए - बजरंग गर्ग

हिसार, 27.09.26- - कर्म कल्याणी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तम नगर गुरुद्वारा में निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत किया गया। केंद्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, समाजसेवी आदि स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बजरंग गर्ग ने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को केवल आर्थिक सहायता देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे ऐसा हुनर सिखाना जरूरी है जिससे वह भविष्य में अपने पैरों पर खड़ा हो सके। सिलाई, ब्यूटी पार्लर और कुकिंग जैसे रोजगारपरक कोर्स युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कर्म कल्याणी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा शुरू किए गए इस निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि समाज की संस्थाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए।बजरंग गर्ग ने कहा कि समाज के संपन्न लोगों और सामाजिक संस्थाओं को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा तथा रोजगारपरक प्रशिक्षण की जिम्मेदारी मिलकर उठानी चाहिए, ताकि आर्थिक कमजोरी किसी बच्चे के भविष्य में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलता है और समाज में आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत होती है। इस निःशुल्क केंद्र में जरूरतमंद लोगों को सिलाई मशीन चलाने एवं सिलाई का प्रशिक्षण, ब्यूटी पार्लर का कोर्स तथा कुकिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्था का उद्देश्य ऐसे परिवारों के बच्चों और महिलाओं को हुनरमंद बनाना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त नहीं कर पाते। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे अपने घर से भी काम शुरू करके अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे सकेंगे।

इस अवसर पर कर्म कल्याणी वेलफेयर सोसायटी की प्रधान मौसमी कर, गुरुद्वारा प्रधान भाई त्रिलोचन सिंह, गीता आहूजा, उपप्रधान कोमल राठौड़, सेक्रेटरी सीमा भुटानी, उप-सेक्रेटरी मीनाक्षी गक्खड़, कोषाध्यक्ष शैलजा बंगा, प्रीति भारद्वाज, पूजा लांबा, नीता नागपाल, प्रतिभा आदि गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।