धर्मशाला, 28 जुलाई। मेरा भारत केंद्र द्वारा "नशा मुक्त युवा" अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। प्रतियोगिताओं में नुक्कड़ नाटक, समूह एवं एकल गायन, रील मेकिंग, स्लोगन लेखन, पेंटिंग, वाद-विवाद, डिक्लेमेशन, संगीत एवं नृत्य सहित अनेक रचनात्मक विधाओं के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने का प्रयास किया गया।
इन प्रतियोगिताओं में डाइट कांगड़ा स्थित धर्मशाला के डी.एल.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।प्रतियोगिता में द्वितीय वर्ष की प्रशिक्षु आरती ने गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूर्वा थापा ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान अर्जित किया। प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु चेतन ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रभावशाली अभिव्यक्ति का परिचय दिया। वहीं आराधना एवं उनके समूह ने रील मेकिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। डाइट के ड्रग एब्यूज प्रिवेंशन कोऑर्डिनेटर डाइट धर्मशाला डॉ. संजय कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रशिक्षुओं को जिला शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता एवं निरीक्षण) सह जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा, कांगड़ा तथा डाइट कांगड़ा एट धर्मशाला की प्रधानाचार्या श्रीमती निशा कटोच द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है।
उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी एवं सफल सहभागिता सुनिश्चित करने वाले ड्रग एब्यूज प्रिवेंशन कोऑर्डिनेटर डॉ. संजय कुमार तथा प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करने वाले विशेषज्ञ अध्यापकों श्री राज सिंह कपूर, श्रीमती श्रेष्ठा ठाकुर, श्रीमती चित्रकला, श्रीमती सुमित शर्मा, श्रीमती अंजू शर्मा, श्रीमती वंदना सूदन एवं श्रीमती मंजू राणा के प्रयासों की भी सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया तथा अपने संदेशों के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।