31 को शिमला के गेयटी थिएटर में जुटेंगे नामी साहित्यकार
हिमाचल के प्रसिद्ध साहित्यकार राजेंद्र राजन के 5वें उपन्यास ‘कागज की नाव’ का भी होगा लोकार्पण
अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ की संगोष्ठी में बहुभाषी कवि सम्मेलन का भी होगा आयोजन
हमीरपुर 21 जुलाई। अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ 31 जुलाई को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में संगोष्ठी एवं बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है।
इस कार्यक्रम में कई नामी साहित्यकार अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे और बहुभाषी कवि सम्मेलन में कविता पाठ भी करेंगे। संगोष्ठी के दौरान हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार राजेंद्र राजन के पांचवें उपन्यास ‘कागज की नाव’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।
राजेंद्र राजन ने बताया कि सुबह 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक यह कार्यक्रम विभिन्न सत्रों में आयोजित किया जाएगा। ‘कागज की नाव’ पुस्तक के लोकार्पण एवं सह-चर्चा के बाद बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार सतीश धर करेंगे। जबकि, आत्म रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पत्र वाचन के सत्र की अध्यक्षता जयपुर के साहित्यकार प्रोफेसर सुधीर सोनी करेंगे। जबकि, देहरादून के प्रेम साहिल मुख्य अतिथि और जयपुर के कैलाश चंद सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस सत्र में डॉ. हेमराज कौशिक, डॉ. मीनाक्षी पॉल और डॉ. उषा बंदे जैसी प्रसिद्ध साहित्यकार अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।
राजेंद्र राजन ने हिमाचल प्रदेश के साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
============================================
भरेड़ी में 22 को प्रस्तावित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम स्थगित
भोरंज 21 जुलाई। उपमंडल के गांव भरेड़ी में 22 जुलाई को प्रस्तावित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र की 9 ग्राम पंचायतों की जनसमस्याओं का समाधान किया जाना था, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
============================================
नादौन में हैल्पर एवं ट्रेनी के साक्षात्कार 28 को
हमीरपुर 21 जुलाई। नादौन की प्रसिद्ध कंपनी मित्रा एल्यूमिनियम में हैल्पर एवं ट्रेनी के 3 पदों को भरने के लिए 28 जुलाई को सुबह दस बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 30 वर्ष तक के दसवीं या बारहवीं पास पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।