जिला परिषद के सभी 19 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ

हमीरपुर 08 जून। जिला परिषद हमीरपुर के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को परिषद के सम्मेलन हॉल में आयोजित किया गया।
इस समारोह में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी 19 नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में वार्ड-1 बीड़ बगेहड़ा की तृप्ता देवी, वार्ड-2 पनोह की आशा देवी, वार्ड-3 दरोगण पत्ती कोट से मनजीत सिंह, वार्ड-4 उहल से ज्योति ठाकुर, वार्ड-5 जंगल रोपा के सोनी कुमार, वार्ड-6 ताल सुरेश सोनी, वार्ड-7 चमनेड रोहित शर्मा, वार्ड-8 बधाणी रजनी देवी, वार्ड-9 धमरोल अनिता शर्मा, वार्ड-10 जाहू पवन कुमार, वार्ड-11 महल अनिता देवी, वार्ड-12 करेर गुरदीप सिंह, वार्ड-13 बिझड़ी विकास कुमार, वार्ड-14 झंझयाणी रामेश्वर दत्त, वार्ड-15 दांदड़ू रेणु बाला, वार्ड-16 लहड़ा रंजना कुमारी, वार्ड-17 मालग वंदना कुमारी, वार्ड-18 अमलैहड़ रविंद्र कुमार और वार्ड नंबर-19 सपड़ोह की सदस्य नीलम कुमारी शामिल रहीं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिला परिषद की सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया ने शपथ ग्रहण की कार्यवाही का संचालन किया। कार्यक्रम में एडीसी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक कुमार गर्ग, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा नवनिर्वाचित सदस्यों के परिजन भी उपस्थित रहे।

=======================================

हमीरपुर में एक पद के लिए रिटायर्ड तहसीलदारों से आवेदन आमंत्रित


हमीरपुर 08 जून। जिला हमीरपुर में तहसीलदार के एक खाली पद पर रिटायर्ड तहसीलदार की तैनाती की जाएगी। यह नियुक्ति 70 हजार रुपये मासिक मानदेय पर तीन महीने के लिए की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है। जिला की किसी भी तहसील में तहसीलदार के खाली पद पर इनकी नियुक्ति की जा सकती है।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस पद के लिए 65 वर्ष से कम आयु के रिटायर्ड तहसीलदार 18 जून तक उपायुक्त कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदक ने राजस्व विभाग की किसी भी विंग में कम से कम 5 साल नौकरी की हो तथा उसके खिलाफ किसी भी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए।
अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त कार्यालय या जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
========================================
शारीरिक शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती से छूटे उम्मीदवारों के साक्षात्कार 8 को

हमीरपुर 08 जून। स्कूल शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षकों के 355 पदों की बैचवाइज भर्ती के अंतर्गत जिला हमीरपुर में 18 पदों के लिए 3 और 4 जून को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में आयोजित साक्षात्कार में किन्हीं कारणों से भाग न ले सके पात्र उम्मीदवारों को एक मौका दिया जा रहा है।
शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि किन्हीं कारणों से छूटे ये पात्र उम्मीदवार 8 जून को सुबह 11 बजे प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-222749 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपनिदेशक ने बताया कि सामान्य अनारक्षित वर्ग में 31 दिसंबर 2005 तक के बैच के अभ्यर्थी पात्र हैं। ईडब्ल्यूएस वर्ग में वर्ष 2006 तक के बैच, एससी, एसटी और ओबीसी के 2007 बैच, एससी बीपीएल, एसटी बीपीएल और ओबीसी बीपीएल के 2008 बैच, सामान्य (डब्ल्यूएफएफ) के 2021 बैच, एससी (डब्ल्यूएफएफ) और ओबीसी (डब्ल्यूएफएफ) के 2025 बैच के उम्मीदवार इन पदों के लिए पात्र हैं।
================================================
विदेश में नौकरी के इच्छुक युवा 12 जून तक भरें ऑनलाइन गूगल फॉर्म
संयुक्त अरब अमीरात में फैक्टरी हैल्पर और जनरल हैल्परों की आवश्यकता

हमीरपुर 08 जून। राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया है। एचपीएसईडीसी को भर्ती प्रतिनिधि कंपनी किंगस्टन होल्डिंग्स के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात में रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में इस कंपनी को फैक्टरी हैल्पर और जनरल हैल्परों की आवश्यकता है। इन पदों के लिए 21 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास एवं अंग्रेजी का बेसिक ज्ञान रखने वाले अनुभवी या फ्रैशर सभी युवा पात्र हैं। अभ्यर्थियों के पास वैध पासपोर्ट होना चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित युवाओं को लगभग 1375 दिरहम मासिक वेतन के अलावा आवास, बीमा, अन्य सुविधाएं तथा दो साल में एक बार हवाई टिकट की सुविधा भी मिलेगी।
चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न औपचारिकताएं पूर्ण करने हेतु विदेश मंत्रालय द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार 35,400 रुपये का शुल्क अदा करना होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 12 जून तक गूगल फार्म forms.gle/kEN8BYQJBHfSuqE7 भरकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।