उपायुक्त कांगड़ा ने पंचायत समितियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव हेतु अधिकारियों को किया अधिकृत
धर्मशाला, 2 जून: उपायुक्त कांगड़ा एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायती राज) हेमराज बैरवा ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत जिला कांगड़ा की विभिन्न पंचायत समितियों में नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण तथा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए संबंधित उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को अधिकृत किया है।
उपायुक्त ने बताया कि संबंधित एसडीएम अपने-अपने क्षेत्राधिकार की पंचायत समितियों के नवनिर्वाचित सदस्यों की बैठक बुलाएंगे, जिसमें सदस्यों को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 127 के अंतर्गत शपथ दिलाई जाएगी। यह प्रक्रिया पंचायत समिति चुनाव परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, संबंधित एसडीएम पंचायत समितियों की विशेष बैठक आयोजित कर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया भी संपन्न करवाएंगे। इस दौरान निर्वाचित सदस्य अपने मध्य से एक सदस्य को अध्यक्ष तथा एक सदस्य को उपाध्यक्ष के रूप में चुनेंगे।
उन्हांेने बताया कि एसडीएम जवाली को नगरोटा सूरियां, एसडीएम नूरपुर को नूरपुर, एसडीएम देहरा को देहरा एवं प्रागपुर, एसडीएम ज्वालामुखी को सुरानी, एसडीएम कांगड़ा को कांगड़ा, एसडीएम पालमपुर को पालमपुर, भवारना एवं पंचरुखी, एसडीएम जयसिंहपुर को लंबागांव, एसडीएम बैजनाथ को बैजनाथ, एसडीएम धर्मशाला को धर्मशाला, एसडीएम धीरा को सुलह, एसडीएम नगरोटा बगवां को नगरोटा बगवां एवं बड़ोह, एसडीएम फतेहपुर को फतेहपुर, एसडीएम शाहपुर को रैत तथा एसडीएम इंदौरा को इंदौरा पंचायत समिति के लिए अधिकृत किया गया है।
==========================================
विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को जिला कांगड़ा की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा
धर्मशाला, 3 जून: विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर जिला कांगड़ा की सभी ग्राम पंचायतों में 5 जून, 2026 को विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि पंचायत राज विभाग, हिमाचल प्रदेश तथा भारत सरकार के पंचायत राज मंत्रालय एवं जल शक्ति मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप यह विशेष ग्राम सभा आयोजित की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान के अंतर्गत 1 जून से 5 जून, 2026 तक चलाए जा रहे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के समापन अवसर पर ग्राम सभाओं में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण तथा सुरक्षित स्वच्छता व्यवहारों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विशेष ग्राम सभाओं में जल स्रोतों की सुरक्षा, जलग्रहण क्षेत्रों के संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों एवं जल निकायों के संरक्षण, पेयजल गुणवत्ता निगरानी, ग्रे-वाटर प्रबंधन तथा पेयजल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए सामुदायिक स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सभी मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंचायत समिति एवं सभी खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाएं।