सोलनदिनांक 01.06.2026

ज़िला प्रशासन युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध - मनमोहन शर्मा
सोलन ज़िला में एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान के द्वितीय चरण का शुभारम्भ


उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए ज़िला प्रशासन प्रतिबद्ध है। मनमोहन शर्मा आज यहां केन्द्रीय माध्यमिक बोर्ड के साथ सम्बद्ध राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन में एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान के द्वितीय चरण के शुभारम्भ के उपरांत उपस्थित छात्रों, अध्यापकों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देशानुसार प्रदेश में युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने और चिट्टा जैसे मादक पदार्थ के समूल नाश के लिए सघन अभियान कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सभी ज़िलों में युवा शक्ति की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने और मादक पदार्थों से उन्हें दूर रखने के लिए सभी स्तरों पर विभिन्न कार्यक्रम एवं लक्ष्य केन्द्रित अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य समाज को चिट्टा जैसे मादक पदार्थों के विरुद्ध एकजुट करना तथा विभिन्न विभागों, स्वयं सेवी संस्थाओं और आमजन के समन्वित सहयोग से नशे को समाप्त करना है।
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे को न कहना सीखना है और अपने सार्थियों को भी इस ज़हर से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि आज के छात्र कल देश और प्रदेश को आगे ले जाने में सहायक बनेंगे। युवा पीढ़ी का मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना न केवल युवाओं के लिए अपितु पूरे समाज के लिए आवश्यक है।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि चिट्टा जैसा नशा युवाओं को एक ओर जहां धीरे-धीरे पूर्ण रूप से अक्षम बनाता है वहीं आर्थिक कमज़ोरी एवं सामाजिक बहिष्कार का कारण भी बनता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा ठान लें तो किसी भी प्रकार के नशे के चंगुल में उन्हें नहीं फंसाया जा सकता।
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि समाज और परिवार के साथ-साथ अपने भविष्य के लिए नशे से दूर रहें। उन्होंने आशा जताई कि युवा नशे के विरुद्ध सदैव एकजुट रहेंगे और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों को नियमित व्यायाम एवं खेलों को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ज़िला प्रशासन द्वारा प्रथम जून, 2026 से 20 अगस्त, 2026 तक ज़िला के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय उच्च विद्यालयों तथा निजी विद्यालयों में एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान का द्वितीय चरण कार्यान्वित किया जाएगा। अभियान के तहत छात्रों को नशाखोरी विशेषकर चिट्टा के दुष्प्रभावों के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा ताकि वह स्वस्थ, अनुशासित एवं नशा मुक्त जीवन पद्धति अपनाएं।
उन्होंने अध्यापकों एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि छात्रों के साथ मित्रवत व्यवहार रखें और शिक्षा के साथ-साथ उन्हें नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक गतिविधियों की जानकारी दें।
उपायुक्त ने कहा कि ज़िला के विभिन्न अधिकारियों को 20 अगस्त, 2026 तक विद्यालयों में एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान के तहत छात्रों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समग्र रूप से नशा मुक्त अभियान सफल हो सके।
इस अवसर पर छात्रों को नशाखोरी के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अध्यापक तथा छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।
=================================================

स्व गणना विकल्प का सभी ज़िलावासी करें उपयोग - मनमोहन शर्मा
15 जून, 2026 तक दर्ज की जा सकती है जानकारी


उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज यहां स्व गणना विकल्प का शुभारम्भ करते हुए सोलन ज़िला के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस माध्यम से ऑनलाईन सही जानकारी प्रस्तुत कर जनगणना महा अभियान में भागीदार बनें।
मनमोहन शर्मा ने आज स्व गणना के माध्यम से ऑनलाईन अपना डाटा प्रस्तुत किया।
उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना निदेशालय द्वारा प्रस्तुत स्व गणना विकल्प एक ऑनलाईन माध्यम है। इसके माध्यम से सभी नागरिक प्रथम जून से 15 जून, 2026 तक स्व गणना पोर्टल se.census.gov.inपर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि उपरोक्त पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्व गणना के उपरांत 11 नम्बर का आईडी नम्बर मिलेगा। इस 11 अंक के स्व गणना आई नम्बर को नागरिकों को उन जनगणना कर्मियों को बताना होगा जो घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण 16 जून, 2026 से 15 जुलाई, 2026 के मध्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आईडी नम्बर के माध्यम से स्व गणना के दौरान पोर्टल पर अंकित जानकारी जनगणना कर्मी के मोबाइल ऐप पर दिख जाएगी। इससे नागरिक और जनगणना कर्मी को सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना डिजिटल मोड में की जा रही है।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि स्व गणना विकल्प का समुचित उपयोग करें और जनगणना कर्मी को भी सही जानकारी उपलब्ध करवाएं। यह आंकड़े देश-प्रदेश तथा ज़िला के भावी नीति निर्धारण में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्व गणना विकल्प के माध्यम से ऑनलाईन जानकारी प्रस्तुत की।
=============================

ज़िला परिषद सोलन के परिणाम घोषित


ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला परिषद सोलन के सभी 17 वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि वार्ड नम्बर-1 दाडला से मीनाक्षी ठाकुर को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में इन्दु शर्मा को 4530, बनीता देवी को 3728, मीनाक्षी ठाकुर को 5458 तथा सीमा देवी को 4757 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 18983 रहा। इनमें विधि मान्य मत 18473, अस्वीकृत मत 309 तथा नोटा को प्राप्त मत 201 रहे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वार्ड नम्बर-2 सूरजपुर से शशी कान्त को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में कपिल देव को 4846, कृष्ण देव 614, मनोहर लाल 1236, रमेश चन्द को 5151 तथा शशी कान्त 6758 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 19217 रहा। इनमें विधि मान्य मत 18605, अस्वीकृत मत 394 तथा नोटा को प्राप्त मत 218 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-3 डुमैहर से आशा परिहार को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में आशा परिहार 12413 तथा सरिता को 7456 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 20769 रहा। इनमें विधि मान्य मत 19869, अस्वीकृत मत 371 तथा नोटा को प्राप्त मत 519 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-4 वाकना से हरि चंद को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अजय सिंह को 118, कृष्ण कुमार को 2123, पिकेश वर्मा को 2391, रणजीत को 1234, विकास शर्मा को 109, विवेका नन्द परिहार को 1696, सुनील कुमार को 169, हरि चंद को 3053 तथा हिमेश शर्मा को 1768 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 12983 रहा। इनमें विधि मान्य मत 12661, अस्वीकृत मत 242 तथा नोटा को प्राप्त मत 80 रहे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि वार्ड नम्बर-5 धंगील से अमित कुमार को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अमित कुमार को 5524, देव राज भारद्वाज को 153, देस राज को 751, धर्म सिंह को 3408 तथा पवन कुमार को 1960 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 12026 रहा। इनमें विधि मान्य मत 11796, अस्वीकृत मत 189 तथा नोटा को प्राप्त मत 41 रहे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वार्ड नम्बर-6 डांगरी से शीला देवी को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में वनिता को 6963 तथा शीला देवी को 10241 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 17986 रहा। इनमें विधि मान्य मत 17204, अस्वीकृत मत 455 तथा नोटा को प्राप्त मत 327 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-7 चेवा से सुमन लता को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में किरण को 3189, शारदा कश्यप को 4682 तथा सुमन लता को 12258 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 20900 रहा। इनमें विधि मान्य मत 20129, अस्वीकृत मत 420 तथा नोटा को प्राप्त मत 351 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-8 धर्मपुर से नेत्र सिंह को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अजय कुमार को 3190, कृपाल सिंह को 2740, जगदीश पाल को 1242, दुनी चंद को 1542, नेत्र सिंह को 4662 तथा सौकृत कुमार को 1600 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 15369 रहा। इनमें विधि मान्य मत 14976, अस्वीकृत मत 247 तथा नोटा को प्राप्त मत 146 रहे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वार्ड नम्बर-9 टकसाल से पंकज शर्मा को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अशोक कुमार को 3065, ध्यान सिंह को 3295, निखिल ठाकुर को 1340, पंकज शर्मा को 5507, यश ठाकुर को 481 तथा हुकम चंद को 919 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 15012 रहा। इनमें विधि मान्य मत 14607, अस्वीकृत मत 299 तथा नोटा को प्राप्त मत 106 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-10 दाड़वां से स्नेह लता को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में रंजना देवी को 5753, लक्ष्मी देवी को 1264 तथा स्नेह लता को 8349 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 15809 रहा। इनमें विधि मान्य मत 15366, अस्वीकृत मत 269 तथा नोटा को प्राप्त मत 174 रहे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि वार्ड नम्बर-11 मंधाला से राजकुमार को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अजय कुमार को 1276, अभिषेक कुमार को 90, माता राम को 2009, मान सिंह को 5839 तथा राजकुमार को 9673 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 19251 रहा। इनमें विधि मान्य मत 18887, अस्वीकृत मत 306 तथा नोटा को प्राप्त मत 58 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-12 खेड़ा से परविन्द्र कौर को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में परविन्द्र कौर को 10241 तथा मोहिनी देवी को 7172 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 17779 रहा। इनमें विधि मान्य मत 17413, अस्वीकृत मत 238 तथा नोटा को प्राप्त मत 128 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-13 रडयाली से इंदु ठाकुर को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में इंदु ठाकुर को 8157, निशा देवी को 1737, सरजीतो देवी को 760, हरप्रीत कौर को 7330 तथा हीरा देई को 1119 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 19591 रहा। इनमें विधि मान्य मत 19103, अस्वीकृत मत 371 तथा नोटा को प्राप्त मत 117 रहे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वार्ड नम्बर-14 दभोटा से सुशीला देवी को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में गुरप्रीत कौर को 6462, सुमन देवी को 1082 तथा सुशीला देवी को 11352 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 19268 रहा। इनमें विधि मान्य मत 18896, अस्वीकृत मत 251 तथा नोटा को प्राप्त मत 121 रहे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि वार्ड नम्बर-15 लग से सतीश कुमार को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में आशा देवी को 1436, नेम चंद को 3934, बाबू राम पंवार को 1919, मस्त राम पंवार को 973 तथा सतीश कुमार को 5844 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 14360 रहा। इनमें विधि मान्य मत 14106, अस्वीकृत मत 150 तथा नोटा को प्राप्त मत 104 रहे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-16 बवासनी से अनिता देवी को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अनिता देवी को 5986, आरती रनोट को 2981, सुमन कुमारी को 1738 तथा सोमा देवी को 4439 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 15432 रहा। इनमें विधि मान्य 15144, अस्वीकृत मत 196 तथा नोटा को प्राप्त मत 92 रहे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वार्ड नम्बर-17 बगलैहड़ से योगेश्वर सिंह को विजयी घोषित किया गया। इस वार्ड में अजमेर सिंह को 747, उदय प्रताप सिंह राणा को 3772, जतिन्द्र सिंह को 6739 तथा योगेश्वर सिंह को 6810 मत प्राप्त हुए। कुल मतदान 18345 रहा। इनमें विधि मान्य मत 18068, अस्वीकृत मत 200 तथा नोटा को प्राप्त मत 77 रहे।
=========================================

शारीरिक शिक्षक (जॉब ट्रेनी) के 14 रिक्त पदों की बैचवार भर्ती के लिए काउंसलिंग 03 से 09 जून तक

ज़िला सोलन में शारीरिक शिक्षक (जॉब ट्रेनी) के 14 रिक्त पदों को बैचवार आधार पर भरने के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 03 से 09 जून, 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) सोलन ने दी।
उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में शारीरिक शिक्षक के कुल 14 पद हैं। इनमें 06 पद अनारक्षित, 02 पद आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग, 02 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (अनारक्षित), 03 पद अनुसूचित जाति वर्ग (अनारक्षित) तथा 01 पद अनुसूचित जनजाति वर्ग (अनारक्षित) के लिए है।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार को अपने गृह ज़िला में निर्धारित प्रपत्र पर ज़िलों की प्राथमिकताओं का क्रम भरकर देना होगा। उन्होंने कहा कि एक बार दी गई प्राथमिकता को किसी भी परिस्थिति में बदला नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को अपने गृह ज़िला में ही काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना होगा। उम्मीदवारों को अपने गृह ज़िला में ही सभी 12 ज़िलों की प्राथमिकताएं प्रस्तुत करनी हैं। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार निर्धारित मापदण्ड पूर्ण करने वाला उम्मीदवार 12 ज़िलों में से किसी भी ज़िला में भर्ती के लिए पात्र है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षक के पद के लिए उम्मीदवार का भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी, 2011 के अनुसार निर्धारित योगयता पूर्ण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भर्ती एवं पदोन्नति नियम की प्रतिलिपि विभागीय वेबसाइट https:/himachal.nic.in/dse पर उपलब्ध है।
उप निदेशक ने कहा कि ज़िला सोलन में शारीरिक शिक्षक पदों के लिए रोज़गार कार्यालय द्वारा प्रेषित उम्मीदवारों के नाम की सूची कार्यालय की वेबसाइट http://shadestech.wixsite.com/ddeesolanपर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार उक्त वेबसाइट में अपना नाम व तिथि देखकर काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि योगयता पूर्ण करने वाले उम्मीदवार अथवा जिनके नाम रोज़गार कार्यालय द्वारा प्रेषित नहीं किए गए या अन्य किसी कारण से अनुपस्थित रहे उम्मीदवार 09 जून, 2026 को काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार अपने ज़िला के उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं।