डेराबस्सी, 31 मई 2026: गुरबक्स कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी (रजिस्टर्ड), डेराबस्सी (पंजाब) द्वारा आज डेराबस्सी नगर कौंसिल के वार्ड नंबर 6 के नव निर्वाचित कौंसिलर श्री मनीष कुमार सैनी का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत श्री मनीष कुमार सैनी ने अपने वार्ड तथा विशेष रूप से गुरबक्स कॉलोनी के सभी निवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वार्ड के समुचित विकास के लिए वे पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं तथा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या या सुझाव लेकर उनसे व्यक्तिगत रूप से कभी भी मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार किया जाएगा और किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी परिसर में बच्चों, बुजुर्गों तथा सभी धर्मों और आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में उपस्थित लोगों ने आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का परिचय देते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर सोसाइटी की ओर से जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री लखविंदर सिंह सैनी, उपाध्यक्ष श्री राम कुमार, महासचिव श्री नीरज सैनी, संयुक्त सचिव श्री अवतार सिंह, प्रेस सचिव श्री बलवान सिंह डोडवा, श्री सुरेंद्र कुमार, श्री दिलबाग सिंह, श्री राज्य सिंह रावत, श्री संजीव कुमार, श्री रमेश सैनी सहित सोसाइटी के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे।

सोसाइटी के अध्यक्ष श्री लखविंदर सिंह सैनी ने सभी निवासियों से भविष्य में भी इसी प्रकार एकजुट रहकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने श्री मनीष कुमार सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान समारोह क्षेत्रवासियों के प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण, उत्साहपूर्ण एवं उल्लासमय वातावरण में संपन्न हुआ।