पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में शतायु मतदाताओं ने भी दिखाया जोश
बढ़-चढ़ कर मतदान में लिया भाग, उपायुक्त ने बुजुर्गों के हौसले की की सराहना
बिलासपुर, 28 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण में आज शतायु मतदाताओं ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जीवन का शतक लगा चुके बुजुर्गों के हौसले को देखकर जहां हर कोई इनकी सराहना कर रहा है तो वहीं लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति समाज को एक सकारात्मक सोच भी दे रहे हैं। बुजुर्गों का यह हौसला मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में शत प्रतिशत मतदान करने के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत भी बना है।
जिला में दूसरे चरण के चुनाव में आज कसारू ग्राम पंचायत की 108 वर्षीय रूपा देवी, दकडी पंचायत की 107 वर्ष की मनभंरू देवी, हरनोडा के 106 वर्ष के संतराम, ग्राम पंचायत बल्हसीणा की 100 वर्षीय नरैण देई सहित अन्य शतायु मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान में भाग लिया। इसी दौरान जुखाला के मतदान केंद्र नलवाड में एक वरिष्ठ नागरिक ने बीमारी के चलते ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मतदान केंद्र में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बीमारी की अवस्था में भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शतायु मतदाताओं के साथ-साथ अस्वस्थ वृद्ध मतदाताओं के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में इनकी भागीदारी न केवल दूसरे मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करेगी बल्कि युवाओं के लिए वह एक प्रेरणा स्त्रोत भी बने हैं।
===================================
पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में जिला बिलासपुर की 62 ग्राम पंचायतों में हुआ 78.95 प्रतिशत मतदान
श्री नैना देवी जी विकास खण्ड में हुआ सबसे अधिक 82.74 प्रतिशत जबकि सबसे कम घुमारवीं विकास खण्ड में दर्ज हुआ 76.40 प्रतिशत मतदान
बिलासपुर, 28 मई: जिला बिलासपुर की पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण में आज कुल 78.95 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। जिनमें सबसे अधिक मतदान श्री नैना देवी जी विकास खण्ड में 82.74 प्रतिशत जबकि सबसे कम मतदान घुमारवीं विकास खण्ड में 76.40 प्रतिशत दर्ज हुआ है। दूसरे चरण में महिला मतदाताओं की भागीदारी 82.59 प्रतिशत और पुरुषों की 75.33 प्रतिशत दर्ज हुई है। दूसरे चरण में जिला में कुल 1 लाख 8 हजार 756 मतदाताओं में से 85 हजार 854 मतदाताओं ने मतदान में अपनी भागीदारी दर्ज करवाई है। जिनमें 54 हजार 199 महिला मतदाताओं में से 44 हजार 762 तथा 54 हजार 546 पुरुष मतदाताओं में से 41 हजार 91 ने अपने मत का प्रयोग किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिला की पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में जिला की 62 ग्राम पंचायतों के 386 वार्डों में मतदान करवाया गया, जिनमें विकास खण्ड सदर बिलासपुर की 17 पंचायतों के 105 वार्ड, घुमारवीं की 21 पंचायतों के 133 वार्ड, श्री नैना देवी जी की 09 पंचायतों के 53 वार्ड तथा झण्डुता विकास खण्ड की 15 ग्राम पंचायतों के 95 वार्ड शामिल है में आज प्रातः 7 बजे से सांय 3 बजे तक मतदान करवाया गया।
उन्होंने बताया कि विकासखंड सदर बिलासपुर के कुल 17 पंचायतों में 82.36 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, यहां कुल 27 हजार 882 मतदाताओं में से 22 हजार 964 मतदाताओं ने भाग लिया। इसी तरह जहां विकास खण्ड घुमारवीं के कुल 21 पंचायतों में 76.40 प्रतिशत मतदान हुआ, यहां 39 हजार 58 मतदाताओं में से 29 हजार 842 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया तो वहीं विकास खण्ड श्री नैना देवी जी के कुल 09 पंचायतों में 82.74 प्रतिशत मतदान हुआ, यहां 13 हजार 769 मतदाताओं में से 11 हजार 392 मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया। जबकि विकास खण्ड झंडूता के कुल 15 ग्राम पंचायतों में 77.24 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, यहां कुल 28 हजार 37 मतदाताओं में से 21 हजार 656 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।