चंडीगढ़, 24 मई। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश की आम जनता पहले से ही महंगाई के भारी बोझ तले कराह रही थी। ऊपर से बीजेपी सरकार ने पिछले दस दिनों में तीन बार पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। यह सरकार की जन-विरोधी और असंवेदनशील नीतियों का स्पष्ट प्रमाण है। पहली बार प्रदेश में पेट्रोल 100 रूपए का आंकड़ा पार कर गया है।
भाजपा के राज में बिजली, पानी, रसोई गैस, दाल, आटा, खाने का तेल, सब्जी सब कई गुना महंगा हो गया है। आम जनता का इस कमर तोड़ महंगाई से घर चलाना मुश्किल हो गया है। पिछले 12 सालों में भाजपा सरकार ने पेट्रोल और डीजल व अन्य चीजों पर टैक्स लगा कर करीब 56 लाख करोड़ रुपए जनता से लूटे हैं। 2014 से पहले भाजपा के लिए यही महंगाई डायन हुआ करती थी, हर घर से महंगाई हटाओ के नारे लगाती थी। लेकिन अब जब महंगाई आसमान को छू रही है तो यही महंगाई अब भाजपा के लिए कोई मायने नहीं रखती है। सत्ता में आने के बाद उनके लिए आम आदमी की पीड़ा सिर्फ वोट लेने तक की कहानी बनकर रह गई है। यह सरकार चुनाव खत्म होते ही आम जनता की जेब काटने में लग जाती है। जब जनता वोट दे रही थी तब दाम स्थिर रखे, वोट मिलते ही दाम आसमान पर। यह बीजेपी का दोहरा चरित्र और जनता के साथ विश्वासघात है।
अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार से सवाल किए कि बीजेपी सरकार कब तक आम आदमी की जेब लूटती रहेगी? कब तक महंगाई की इस आग में जनता को झोंकते रहेंगे? पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए भारी टैक्स कब कम करेंगे?
आज का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है, नौकरी मिल नहीं रही, महंगाई आसमान छू रही है और घर-घर में दिवाला निकल रहा है। रसोई गैस महंगी होने से गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाओं की रसोई जल रही है। बीजेपी सरकार को याद रखना चाहिए जनता सब देख रही है और सब याद रख रही है। इस तरह की लूट और असंवेदनशीलता का जवाब जनता समय आने पर जरूर देगी।