मंडी जिला में 11 बजे तक 33.59 प्रतिशत मतदान दर्ज
मंडी, 17 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में शहरी निकाय चुनावों के तहत नगर निगम मंडी के 14 वार्डों सहित नगर परिषद सुंदरनगर, जोगिन्द्रनगर, नेरचौक, सरकाघाट तथा नगर पंचायत रिवालसर और करसोग में सुबह 11 बजे तक कुल 33.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी में 31.91 प्रतिशत, सुंदरनगर में 31.81 प्रतिशत, जोगिन्द्रनगर में 37.27 प्रतिशत, नेरचौक में 39.09 प्रतिशत, सरकाघाट में 35.96 प्रतिशत, रिवालसर में 42.15 प्रतिशत तथा करसोग में 40.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।
उपायुक्त ने बताया कि मंडी नगर निगम के मतों की गणना 31 मई को की जाएगी, जबकि अन्य शहरी निकायों के मतों की गिनती आज ही मतदान समाप्ति के उपरांत की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 538 मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा 180 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जिले में कुल 63112 मतदाताओं के लिए 90 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से समय रहते मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
======================================
मंडी जिला में 1 बजे तक 52.46 प्रतिशत मतदान दर्ज
मंडी, 17 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में शहरी निकाय चुनावों के तहत नगर निगम मंडी के 14 वार्डों सहित नगर परिषद सुंदरनगर, जोगिन्द्रनगर, नेरचौक, सरकाघाट तथा नगर पंचायत रिवालसर और करसोग में दोपहर 1 बजे तक कुल 52.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी में 49.90 प्रतिशत, सुंदरनगर में 50.77 प्रतिशत, जोगिन्द्रनगर में 57.66 प्रतिशत, नेरचौक में 59.80 प्रतिशत, सरकाघाट में 54.52 प्रतिशत, रिवालसर में 63.06 प्रतिशत तथा करसोग में 62.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।
उपायुक्त मंडी ने कहा कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बिना किसी प्रभाव के सम्पन्न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की पूरी टीम चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन में निरंतर जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि सभी शहरी निकायों में मतदाता पूरे उत्साह के साथ मतदान केन्द्रों में पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंडी नगर निगम के समखेतर वार्ड में आदर्श पोलिंग बूथ स्थापित किया गया है, जहां मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। यहां क्रेच सुविधा भी दी जा रही है, जहां आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता छोटे बच्चों की देखभाल कर रही हैं, ताकि अभिभावकों को मतदान करने में सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए स्वयंसेवियों की तैनाती की गई है, जो मतदान केन्द्रों पर उनकी मदद कर रहे हैं। उपायुक्त ने एक बार फिर सभी मतदाताओं से अपील की कि वे दोपहर 3 बजे से पहले मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें तथा पहचान स्थापित करने के लिए कोई भी वैध पहचान पत्र साथ लेकर आएं।
===========================================
आम मतदाता की तरह लाइन में लगकर उपायुक्त मंडी ने डाला वोट
मंडी, 17 मई। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने आज नगर निगम मंडी चुनावों में आम मतदाता की तरह लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने मतदान केन्द्र पर पीठासीन अधिकारी को अपना पहचान पत्र दिखाकर पहचान स्थापित की और इसके बाद मतदान किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्वेता देवगन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उपायुक्त अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे थे।
बतौर जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन ने मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया तथा मतदान अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया और मतदान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।