चम्बा, 08 मई -विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आज जिला रेड क्रॉस सोसाइटी चम्बा द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसाइटी मुकेश रेपसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस मानवता, सेवा और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस संस्था सदैव जरूरतमंद एवं पीड़ित मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाती रही है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह नैतिक दायित्व है कि वह ऐसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि आज आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 35 यूनिट रक्तदान किया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है।
इस दौरान उपायुक्त ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।
उपायुक्त ने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों से जुड़कर समाज सेवा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, स्वास्थ्य विभाग एवं मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उप निर्देशक एनएचएम डॉ राजेश गुलेरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम सिंह भारद्वाज, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ पंकज गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी व रक्तदाता उपस्थित रहे।