चण्डीगढ़, 08.05.26- : प्राचीन श्री गुग्गा माड़ी हनुमान मन्दिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा पारायण ज्ञान यज्ञ महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में निरंतर जारी है। इस पावन आयोजन में सांसद मनीष तिवारी ने भी पहुंचकर कथा श्रवण की तथा आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

कथा का रसपान अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य भगवान भैया जी द्वारा कराया जा रहा है। उनकी मधुर वाणी, सरल शैली एवं गूढ़ आध्यात्मिक व्याख्या से श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं। कथा पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म, भक्ति और संस्कारों का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

अपने प्रेरणादायी प्रवचन में आचार्य श्री भगवान भैया जी ने श्रीकृष्ण की दामोदर लीला का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि यशोदा जीव हैं और श्रीकृष्ण स्वयं ब्रह्म हैं। उन्होंने कहा कि जब माता यशोदा ने बाल कृष्ण को ओखली से बांधा, तभी भगवान दामोदर कहलाए। यह वह कृपा प्रसाद है, जो ब्रह्मा, विष्णु और महेश को भी सहज रूप से प्राप्त नहीं हुआ, किंतु माता यशोदा को मातृत्व प्रेम के कारण प्राप्त हो गया।

उन्होंने कहा कि जो भगवान समस्त जीवों को संसार के बंधनों से मुक्त करते हैं, वही भगवान श्रीकृष्ण माता यशोदा के प्रेम बंधन में बंध गए। यही भगवान की भक्ति और वात्सल्य प्रेम की सर्वोच्च महिमा है।

कथा के दौरान पूरा वातावरण राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोषों से भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति ने बताया कि कथा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है।