सोलन-दिनांक 23.04.2026
एयर रेड एवं बमबारी परिदृश्य पर आधारित मॉक ड्रिल 24 अप्रैल को सोलन में
रात्रि 08.30 बजे से वार्ड नम्बर 7 में होगी आयोजित
ज़िला सोलन में आपदा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ी करने के उद्देश्य से 24 अप्रैल, 2026 को एयर रेड एवं बमबारी परिदृश्य पर आधारित एक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह जानकारी आज यहां गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के आदेशक संतोष शर्मा ने दी।
संतोष शर्मा ने कहा कि यह मॉक ड्रिल 24 अप्रैल, 2026 को रात्रि 08.30 बजे से ठोडो मैदान सोलन से सटे वार्ड नम्बर 7 में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान इस वार्ड में नियंत्रित ब्लैक आउट भी किया जाएगा।
आदेशक ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान जवाहर पार्क में स्थित अलार्म को भी बजाया जाएगा ताकि सभी को सतर्क किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एयर रेड तथा बमबारी परिदृश्य पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन केन्द्रीय गृह मंत्रालय तथा प्रदेश के निदेशक अग्निशमन सेवाएं द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में किया जा रहा है।
संतोष शर्मा ने लोगों से आग्रह किया है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार के भ्रम अथवा घबराहट की स्थिति में न रहें क्योंकि यह एक पूर्व नियोजित अभ्यास है और इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखना एवं सुदृढ़ बनाना है।
आदेशक गृह रक्षा ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि में ज़िला प्रशासन का सहयोग करें ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता पहुंचाई जा सके।
=======================================
BILASPUR-23.04.26
ऑनलाइन पोर्टल में शीला देवी के निष्क्रिय होने का मामला किया दुरूस्त: सीएमओ
बिलासपुर 23 अप्रैल: मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिलासपुर डॉ शशी दत शर्मा ने बताया कि पिछले कल यानी 22 अप्रैल से सोशल मीडिया में सदर तहसील के अंतर्गत पंचायत कचौली के गांव साई ब्राहमणा निवासी शीला देवी पत्नी बलदेव राज को पोर्टल में निष्क्रिय दिखाया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इसका खण्डन करते हुए बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से ऐसा हुआ है, जिसे ठीक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल से ऑनलाइन पोर्टल में शीला देवी को जीवित दिखाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे अन्य मामले खण्ड चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से भी संज्ञान में आए हैं और उनको भी जल्द ठीक कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अगर ऐसा कोई भी मामला सहारा योजना लाभार्थी के ध्यान में आता है तो वह सम्बन्धित खण्ड चिकित्सा अधिकारी को सूचित करना सुनिश्चित करें।
===========================================
जल संरक्षण को बढ़ावा देने को ‘सेव वाटर, प्रिजर्व, प्रोटेक्ट एंड रिस्टोर’ अभियान प्रारंभ
बिलासपुर, 23 अप्रैल: सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में आगामी 25 अप्रैल तक ‘सेव वाटर, प्रिजर्व, प्रोटेक्ट एंड रिस्टोर’ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य जल के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा महिला मंडलों, युवा मंडलों, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों तथा पैरा लीगल वालंटियर्स के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ियों आदि की सफाई का कार्य किया जा रहा है, ताकि इन स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वह अपने आसपास के प्राकृतिक जल स्रोतों को साफ एवं स्वच्छ रखें तथा जल संरक्षण में अपना योगदान दें।
=================================================
एमसी चुनाव 2026 के लिए एमसीएमसी नोडल अधिकारी नियुक्त
मीडिया मॉनिटरिंग एवं सर्टिफिकेशन कार्यों के लिए दो अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
मंडी, 23 अप्रैल। नगर निगम चुनाव 2026 के दृष्टिगत मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) के कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु सदर मंडी में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उप मंडल दंडाधिकारी, सदर मंडी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार नायब तहसीलदार, सदर मंडी रमेश शर्मा को एमसीएमसी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नंबर 94180-60505 है। इसके अतिरिक्त एपीआरओ मंडी विनोद वर्मा को सहायक नोडल अधिकारी (एमसीएमसी) नियुक्त किया गया है, जिनका मोबाइल नंबर 70187-00897 है।
एमसीएमसी के माध्यम से चुनाव अवधि के दौरान मीडिया में प्रसारित सामग्री की निगरानी, विज्ञापनों के प्रमाणीकरण तथा आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
====================================
एमसी चुनाव 2026 के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
एसडीएम सदर मंडी कार्यालय में बनाया गया कंट्रोल रूम, संपर्क नंबर जारी
मंडी, 23 अप्रैल। नगर निगम चुनाव 2026 के सुचारू संचालन के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उप मंडल दंडाधिकारी, सदर मंडी रूपिन्द्र कौर द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम एसडीएम कार्यालय, सदर मंडी में कार्य करेगा, जहां से चुनाव संबंधी गतिविधियों की निगरानी तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। कंट्रोल रूम के लिए दूरभाष नंबर 01905-225207 जारी किया गया है, जिस पर आमजन तथा संबंधित अधिकारी आवश्यकता अनुसार संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी के रूप में अधीक्षक कार्यालय एसडीएम सदर मंडी के फतेह सिंह को नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नंबर 9817666045 है। कंट्रोल रूम के संचालन में सहयोग के लिए वरिष्ठ सहायक प्रवीण कुमार तथा जेओए (आईटी) जगदीश को तैनात किया गया है। ये दोनों अधिकारी कंट्रोल रूम में आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध करवाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी सूचनाओं का आदान-प्रदान, शिकायतों का त्वरित निपटारा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।