ऊना, 21 अप्रैल. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 22 अप्रैल को हरोली के रोड़ा में स्थापित प्रदेश के पहले ऑटोमेटिड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक एवं ट्रैफिक पार्क का उद्घाटन करेंगे। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम बुधवार को प्रातः 10:30 बजे आयोजित होगा।
इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही प्रदेश को अपना पहला ऑटोमेटिड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक एवं ट्रैफिक पार्क मिलेगा। यह अत्याधुनिक ट्रैक ड्राइविंग लाइसेंस के लिए होने वाले परीक्षण को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाएगा, जिससे मानव हस्तक्षेप कम होगा और पात्र अभ्यर्थियों का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित हो सकेगा।
साथ ही, ट्रैफिक पार्क के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं और बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।