कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ पर निकलेगी एकजुटता रैली, मॉक ड्रिल भी होगी
हमीरपुर 02 अप्रैल। वर्ष 1905 में कांगड़ा घाटी में आए विनाशकारी भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर शनिवार को जिला हमीरपुर में भी जागरुकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
एसडीएम संजीत सिंह ने वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके इस जागरुकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल 1905 को कांगड़ा घाटी में बहुत ही विनाशकारी भूकंप आया था। इसे भारत के इतिहास में सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना जाता है। इसमें लगभग 20,000 लोगों की जान चली गई थी और एक लाख से अधिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए थे। भविष्य में इस तरह की आपदा की स्थिति में जान-माल के नुक्सान को कम करने तथा ऐसी आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम देेने के लिए ही कांगड़ा घाटी की भूकंप त्रासदी की वर्षगांठ पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस बार भी 4 अप्रैल को सुबह साढे नौ बजे उपायुक्त कार्यालय परिसर से एक सॉलीडैरिटी मार्च (एकजुटता रैली) निकाला जाएगा तथा मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाएगी। इस मॉक ड्रिल में भूकंप से क्षतिग्रस्त हुए भवनों में फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास किया जाएगा। एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों से इस मॉक ड्रिल एवं रैली में भाग लेने की अपील की है।
===========================================
सुजानपुर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 10 को
हमीरपुर 02 अप्रैल। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 या कंपनी के मोबाइल नंबर 85580-62252 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।
===========================
कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम
4 अप्रैल को मनाया जाएगा आपदा जागरूकता दिवस
धर्मशाला, 2 अप्रैल: जिला प्रशासन कांगड़ा द्वारा 4 अप्रैल 2026 को 1905 के कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपदा जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय धर्मशाला में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य आम जनता को आपदा प्रबंधन एवं भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
यह जानकारी देते हुए एडीएम शिल्पी बेक्टा ने बताया कि इस क्रम में 4 अप्रैल को प्रातः 10ः30 बजे उपायुक्त कार्यालय परिसर से पुलिस ग्राउंड धर्मशाला तक सिटीजन साॅलिडेरिटी मार्च (आपदा जागरूकता रैली) का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएंगी।
उन्होंने आम जनता से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि आपदा के समय सही जानकारी और तैयारी के माध्यम से जन-धन की हानि को कम किया जा सके।
===========================================
*अग्निवीर सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अप्रैल तक बढ़ी*
ऊना, 2 अप्रैल। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर ने जानकारी दी कि अग्निवीर भर्ती योजना के तहत विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 10 अप्रैल कर दी गई है। इससे पहले यह तिथि 1 अप्रैल निर्धारित थी, जबकि आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से प्रारंभ हुई थी।
उन्होंने बताया कि इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) तथा अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस के पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
निदेशक ने कहा कि योग्य और इच्छुक उम्मीदवार अब 10 अप्रैल तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण कर सकते हैं।