जिला के नगर निकाय चुनावों के लिए वार्डों के आधार पर आरक्षण रोस्टर जारी
बिलासपुर, 31 मार्च: उपायुक्त राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में आगामी नगर निकाय चुनाव के दृष्टिगत नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के लिए वार्डवार आरक्षण सूची जारी कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार नगर परिषद श्री नैना देवी जी क्षेत्र में कुल 7 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। जिनमें वार्ड नम्बर 4 दुर्गा अनुसूचित जाति महिला, जबकि वार्ड नम्बर 5 शीतला, वार्ड नम्बर 6 शक्ति तथा वार्ड नम्बर 7 अंबिका महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए है। वार्ड नम्बर 1 देवी, वार्ड नम्बर 2 तारा तथा वार्ड नम्बर 3 कालिका अनारक्षित रहेंगे।
इसी तरह नगर परिषद घुमारवीं क्षेत्र में कुल 9 वार्डों में से वार्ड नम्बर 1 बड्डू, वार्ड नम्बर 2 इंदिरा, वार्ड 8 टिकरी और वार्ड नम्बर 9 दकड़ी महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। जबकि वार्ड नंबर 6 जगदम्बा अनुसूचित जाति महिला तथा वार्ड नंबर 7 बजोआ को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। वार्ड 3 अम्बेदकर, वार्ड 4 कल्याणा तथा वार्ड नंबर 5 हारकुकर अनारक्षित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर में कुल 11 वार्ड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें वार्ड 1 निहाल, वार्ड नंबर 3 रौडा, वार्ड नंबर 4 गुरूद्वारा, वार्ड नंबर 6 कोसरियां तथा वार्ड नम्बर 7 चंगर महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए है। जबकि वार्ड नंबर 2 स्टेडियम अनुसूचित जाति महिला तथा वार्ड नंबर 11 लखनपुर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अतिरिक्त वार्ड नम्बर 5 मेन मार्किट, वार्ड नंबर 8 लक्ष्मीनारायण मंदिर, वार्ड नंबर 9 टाउन हाॅल तथा वार्ड नंबर 10 धौलरा अनारक्षित रहेंगे।
इसी तरह नगर पंचायत तलाई में कुल 7 वार्डों में से वार्ड नंबर 1 घाटीवाली सत्थ, वार्ड नंबर 2 उपरवाली सत्थ, वार्ड नंबर 6 गुर्नाझड़ी महिलाओं के लिए जबकि वार्ड नंबर 7 सेउ अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित किए गए है। इसी क्रम में वार्ड नंबर 4 तलाई बाजार अनुसूचित जाति तथा वार्ड नंबर 3 निचली सत्थ और वार्ड नंबर 5 बरयाह को अनारक्षित रखा गया है।
नगर पंचायत झंडूता और स्वारघाट के संदर्भ में प्राप्त दिशानिर्देशों के तहत आगामी कार्यवाही की जा रही है।

===========================================

निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल
बिलासपुर, 31 मार्च: सामाजिक न्याय एवम अधिकारिता विभाग के अंतर्गत निदेशालय अनुसूचित जाति अन्य पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्ष्मों का सशक्तिकरण द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, शिमला के सहयोग से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम निदेशालय के सहयोग से प्रधान मंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है।
यह जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने बताया कि संस्थान द्वारा पात्र अभ्यर्थियों से दो प्रमुख पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रथम पाठ्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के मूल सिद्धांत पर आधारित है, जिसकी अवधि तीन माह (प्रतिदिन दो घंटे) निर्धारित की गई है तथा इसके लिए न्यूनतम योग्यता किसी भी विषय में स्नातक रखी गई है। द्वितीय पाठ्यक्रम ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट है, जिसकी अवधि भी तीन माह (प्रतिदिन चार घंटे) होगी और इसके लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं कक्षा पास निर्धारित है।
आवेदन हेतु अभ्यर्थी का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना तथा हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया 12वीं एवं स्नातक अंकों की मेरिट के आधार पर की जाएगी, जिसमें बीपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कुल सीटों में से 30 प्रतिशत सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यह पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को प्रतिमाह दो हजार रूपये वजीफा भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी NIELIT शिमला की आधिकारिक वेबसाइट से http://nielit.gov.in/shimla आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय से सम्पर्क कर सकते है।