सुजानपुर 25 मार्च। भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम द्वारा बुधवार को सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के मैदान के ऊपर किए गए एयर शो के दौरान हजारों लोगों ने इस टीम के बेहतरीन अधिकारियों एवं पायलटों के अदभुत शौर्य, कौशल और आपसी समन्वय का एक हैरतअंगेज प्रदर्शन देखा। हिमाचल प्रदेश में पहली बार किए जा रहे इस एयर शो के साक्षी बनकर सभी दर्शक अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। इस अवसर पर सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के 9 हॉक एमके-132 जेट विमानों ने करीब 10ः50 बजे एक साथ सुजानपुर के आसमान में दस्तक दी तो हजारों लोगों ने जोरदार तालियों के साथ भारतीय वायु सेना के इन जांबाजों का स्वागत किया। इसके बाद इन विमानों ने अलग-अलग और ग्रुप में एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज कलाबाजियां और करतब दिखा कर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया।
गर्जना के साथ आसमान को चीरते हुए इन विमानों ने कई फॉर्मेंशन्स बनाकर रोमांच, गति, नियंत्रण और आपसी समन्वय का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। नौ विमानों के इस समूह ने हवा में डायमंड, तीर, हृदय, डीएनए और कई अन्य आकृतियां बनाने के साथ-साथ जब आसमान में राष्ट्रीय ध्वज के रंग बिखेरे तो दर्शकों को एक बहुत ही शानदार नजारा देखने को मिला। इन अदभुत दृश्यों को देखकर सभी दर्शक इन्हें अपने-अपने मोबाइल फोन के कैमरों में कैप्चर करने से अपने आपको रोक नहीं सके।
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम की कमेंटर स्क्वॉड्रन लीडर कंवल संधू ने बहुत ही प्रभावशाली ढंग से इस एयर शो की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाई तथा इस टीम के अधिकारियों का परिचय करवाया। स्क्वॉड्रन लीडर संजय सिंह ने ग्राउंड डयूटी की जिम्मेदारी निभाते हुए पायलटों के साथ समन्वय स्थापित किया। लगभग 30 मिनट तक चले इस रोमांच भरे एयर शो के दौरान दर्शक काफी उत्साहित नजर आए। विशेषकर, बच्चों ने इस रोमांच का खूब आनंद लिया और भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं से काफी प्रभावित हुए।
इससे पहले, सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन रचना जोशी ने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, डीसी गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, कटोच वंश के परिवार के सदस्यों और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा एयर शो से संबंधित प्रबंधों की जानकारी दी। इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
=======================================
विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया, अधिकारियों को दी बधाई

सुजानपुर 25 मार्च। एयर शो के आयोजन के लिए कैप्टन रणजीत सिंह ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया तथा वायु सेना, सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा और प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार इस तरह के एयर शो की मेजबानी का मिलना सुजानपुर के लिए एक गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने इसके सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को वायु सेना और सैनिक स्कूल के अधिकारियों का सहयोग करने तथा सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए थे। कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाएं अपने शौर्य एवं देशभक्ति की उच्च परंपराओं के लिए जानी जाती हैं और इनमें हिमाचल प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इस शो के माध्यम से प्रदेश के युवा प्रेरित एवं प्रोत्साहित होंगे।
===========================================
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने शहीद नमांश स्याल को भी किया नमन
इस टीम में शामिल है सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के पूर्व विद्यार्थी
सुजानपुर 25 मार्च। भारतीय वायु सेना की एरोबेटिक टीम में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के पासआउट विद्यार्थी भी शामिल हैं। 25-26 मार्च को सुजानपुर में आयोजित किए जा रहे एयर शो में इसी स्कूल के 10वें बैच के विद्यार्थी रहे और वर्तमान में एयर फोर्स स्टेशन आदमपुर (पंजाब) के प्रभारी एयर कमोडोर बृजेश पॉल और स्क्वॉड्रन लीडर हिमकुश चंदेल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। एयर शो के प्रथम दिन की समाप्ति से पहले एरोबेटिक टीम ने शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल के सम्मान में आकाश में एक विशेष फॉर्मेशन बनाकर उन्हें नमन किया। कांगड़ा जिले के नगरोटा क्षेत्र के शहीद विंग कमांडर स्याल भी सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के विद्यार्थी थे और उन्हें भारतीय वायु सेना के बेहतरीन पायलटों में गिना जाता था। 21 नवंबर 2025 को दुबई में एक एयर शो के दौरान हुई दुर्घटना में वह शहीद हो गए थे।